Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

पूर्व केन्द्रीय मंत्री डा गिरिजा व्यास का हुआ निधन

May 2, 2025

पूर्व केन्द्रीय मंत्री डा गिरिजा व्यास का हुआ निधन

उदयपुर: पूर्व केन्द्रीय मंत्री एवं कांग्रेस की वरिष्ठ नेता डा गिरिजा व्यास का गुरुवार को निधन हो गया।

वह करीब 79 वर्ष की थी। उन्होंने गुजरात में अहमदाबाद के एक अस्पताल में शाम को अंतिम सांस ली। उल्लेखनीय है कि डा व्यास पिछले दिनों गणगौर पर अपने घर में पूजा कर रही थी कि दीपक से उनके कपड़ों में अचानक आग लग गई जिससे वह गंभीर रुप से झुलस गई। उन्हें इलाज के लिए अहमदाबाद ले जाया गया जहां उनका इलाज चल रहा था।

डा़ व्यास पच्चीस वर्ष की आयु में राजस्थान विधानसभा की सदस्य बनी और उन्हें कई मंत्रालयों का दायित्व सम्भालने का मौक़ा मिला। वह चार बार सांसद चुनी गई और नरसिम्हा राव सरकार में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और मनमोहन सिंह की सरकार में केन्द्रीय शहरी आवास एवं ग़रीबी उन्मूलन मंत्रालय की ज़िम्मेदारी निभाई।

वह राष्ट्रीय महिला आयोग की दो कार्यकाल तक राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर रही है। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद भी संभाला और लोकसभा में पार्टी के मुख्य सचेतक पद एवं एआईसीसी मीडिया प्रभारी भी रही है।

उनके निधन पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गहरा शोक जताया और कहा कि उनके निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। उन्होंने कहा डा व्यास का जीवन जनसेवा के लिए समर्पित रहा। वह अपने मृदु व्यवहार के कारण एक लोकप्रिय नेता के रूप में सदैव याद की जायेगी। उनका निधन प्रदेश की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति देने एवं शोकाकुल परिजनों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने डा व्यास के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया और कहा कि व्यास के देहावसान का समाचार दुखद है देश एवं प्रदेश की राजनीति में उनका योगदान अविस्मणीय रहेगा। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान और परिजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी डा व्यास के निधन पर गहरा दुख प्रकट किया और कहा कि उनका निधन हम सबके लिए एक अपूरणीय क्षति है। डा व्यास का शिक्षा, राजनीति एवं समाज सेवा के क्षेत्र में बड़ा योगदान था। उनका इस तरह एक हादसे का शिकार होकर असमय जाना हम सभी के लिए एक बड़ा आघात है। गहलोत ने ईश्वर से उनकी आत्मा को शांति प्रदान करने की की प्रार्थना की।

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने उनके निधन पर दुख जताते हुए कहा कि उनका निधन का समाचार सुनकर बहुत दुख हुआ। उन्होंने राजनीति के साथ समाज सेवा के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य किया। वह एक ईमानदार, मिलनसार और नेक दिल इंसान थी। उनका निधन राजस्थान के लिए एक अपूरणीय क्षति है।
डा व्यास के निधन पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट तथा अन्य कांग्रेस एवं अन्य दलों के कई नेताओं ने गहरो दुख प्रकट किया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

ये भी पढ़ें- ‘Swayambhu’ में Nikhil Siddhartha का रोल क्यों है सबसे अलग? डायरेक्टर ने बताया सच

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें