Jodhpur News : राजस्थान के जोधपुर से एक अजीब मामला सामने आया है। एक हिस्ट्रीशीटर (अपराधी) पुलिस से बचने के लिए महिला का भेष बनाकर छिपा हुआ था। उसने साड़ी, मंगलसूत्र, और लेडीज अंगूठी पहन रखी थी और चेहरे पर घूंघट कर रखा था। लेकिन आखिरकार पुलिस ने उसे पकड़ ही लिया। इस आरोपी का नाम दया शंकर वाल्मिकी उर्फ बिट्टू है, जो जोधपुर के सूर्या कॉलोनी के लखारा बाजार का रहने वाला है। फरवरी महीने में एक गंभीर मारपीट के मामले में वह फरार चल रहा था। तभी से पुलिस उसे ढूंढ रही थी, लेकिन हर बार वो बचकर निकल जाता।
घूंघट में छिपकर देता था जवाब
पुलिस ने बताया कि जब-जब वे बिट्टू के घर जाते, तो वहां एक महिला घूंघट करके सामने आती और कहती कि “बिट्टू घर पर नहीं है।” पुलिस को शक तो हुआ, लेकिन बिना सबूत के वह घूंघट हटवाना सही नहीं समझती थी।
राजस्थान –
जोधपुर में हिस्ट्रीशीटर बदमाश दयाशंकर चांवरिया महिला के वेश में पकड़ा गया। पुलिस से बचने को उसने महिला का हुलिया बनाया। साड़ी–ब्लाउज पहना। हाथ–पैरों पर वैक्स करवाया। गले में मंगलसूत्र पहना। पुलिस जब पहुंचती तो इशारे से कहता कि दयाशंकर घर पर नहीं हैं। pic.twitter.com/7jjzyYWSKS
— Sachin Gupta (@SachinGuptaUP) June 19, 2025
पुलिस ने सख्ती दिखाई तो राज खुला
हाल ही में जब पुलिस को पक्का शक हुआ, तो उन्होंने फिर से उसके घर छापा मारा। इस बार वही महिला फिर से आई, लेकिन पुलिस ने घेरकर उससे सख्ती से पूछताछ की। जब घूंघट हटवाया गया, तो सब चौंक गए — वो महिला कोई और नहीं, बल्कि बिट्टू खुद था, जो महिला के भेष में पुलिस को धोखा दे रहा था।
किस केस में था फरार?
फरवरी में बिट्टू ने अपने साथियों हेमेंद्र उर्फ भाईड़ा और हितेश उर्फ टेनिया के साथ मिलकर प्रिंस चावला नाम के युवक से मारपीट की थी। उन्होंने प्रिंस को समझौता करने के बहाने बुलाया और फिर कांच की बोतलों से हमला किया, डंडों से पीटा और अधमरी हालत में छोड़कर भाग गए। तभी से पुलिस इन तीनों की तलाश कर रही थी।
पकड़े जाने के समय क्या पहना था?
जब पुलिस ने बिट्टू को पकड़ा, तब उसने लाल रंग की साड़ी, काला ब्लाउज, मंगलसूत्र, लेडीज अंगूठी और चेहरे पर स्कार्फ लगा रखा था। देखने से कोई भी उसे महिला ही समझता। लेकिन पुलिस की नजरें धोखा नहीं खा सकीं और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि बिट्टू तो पकड़ लिया गया है, लेकिन उसके साथी भाईड़ा और टेनिया अभी फरार हैं। पुलिस का कहना है कि उन्हें भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। यह केस पुलिस के लिए बहुत ही हैरान करने वाला और अनोखा रहा।

