Site icon Dainik Savera Times

VIDEO : खाटू श्याम में दुकानदारों ने श्रद्धालुओं को लाठी-डंडों से पीटा, बारिश में छिपने के लिए ली थी शरण

जयपुर। सीकर जिले के खाटू श्य़ाम मंदिर में दर्शन करने आए कुछ श्रद्धालुओं से मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार मंदिर के पास दो दुकानदारों व उनके कर्मचारियों ने दर्शन करने आए एक परिवार के सदस्यों से मारपीट की। पीड़ित परिवार मध्य प्रदेश से आया था और बारिश के दौरान दुकान के सामने खड़े होने को लेकर दुकानदारों से उनका विवाद हो गया था। मामले में दो दुकानदारों समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

बारिश में छिपने को लेकर हुआ विवाद

मिली जानकारी के अनुसार, तीन महिलाओं और एक लड़की सहित एक परिवार भारी बारिश से बचने के लिए मंदिर के पास दुकान के सामने खड़ा था। दुकानदार ने उन्हें वहां से हटने को कहा। पुलिस ने बताया कि परिवार के सदस्यों ने उससे बारिश के कारण कुछ मिनट वहां रुकने की अनुमति मांगी, लेकिन दुकानदार ने उन्हें वहां से हटने के लिए मजबूर कर दिया।

 

परिवार के सदस्य वहां से हट गए लेकिन दुकानदार उनसे बहस करता रहा। जब परिवार की एक महिला ने उसके व्यवहार पर आपत्ति जताई तो वह डंडा लेकर आया और परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। एक अन्य दुकानदार ने भी इस परिवार के सदस्यों से मारपीट की।

मारपीट के आरोप में दो दुकानदारों समेत चार लोग गिरफ्तारः पुलिस

खाटू श्य़ामजी के थाना प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि परिवार से मारपीट के आरोप में दो दुकानदारों समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया, ‘‘बारिश के दौरान परिवार के सदस्य एक दुकान पर खड़े थे। दुकानदार ने जब उन्हें वहां से जाने को कहा तो झगड़ा शुरू हो गया।’’ घटना के सिलसिले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

Exit mobile version