Last Updated: November 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

राजस्थान में बड़ा हादसा: स्कूल की छत गिरने से मलबे में दबे बच्चे, 7 की मौत

July 25, 2025

राजस्थान में बड़ा हादसा: स्कूल की छत गिरने से मलबे में दबे बच्चे, 7 की मौत

नेशनल डेस्क: राजस्थान के झालावाड़ जिले के पीपलोदी गांव में आज सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। गांव के सरकारी स्कूल की एक कक्षा की छत अचानक भरभराकर ढह गई, जिससे कई मासूम बच्चे मलबे में दब गए। इस हादसे में 7 बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई है।

घटना सुबह करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है, जब बच्चे रोज़ की तरह कक्षा में पढ़ाई कर रहे थे। स्कूल की इमारत काफी पुरानी बताई जा रही है और हाल ही में क्षेत्र में हुई भारी बारिश के कारण दीवारों और छतों में सीलन आ गई थी। इसी सीलन ने स्कूल की मजबूती को कमजोर कर दिया और आज एक पूरी कक्षा की छत अचानक गिर पड़ी।

छत गिरने के तुरंत बाद स्कूल परिसर में अफरातफरी मच गई। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आस-पास के ग्रामीण दौड़ते हुए मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए। राहत और बचाव कार्य तेजी से शुरू कर दिया गया है, जिसमें जेसीबी मशीनों की मदद ली जा रही है।

घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक इलाज के लिए भेजा गया है, जबकि गंभीर रूप से घायल बच्चों को हायर सेंटर रेफर किया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय अस्पतालों को अलर्ट कर दिया गया है। परिजन और ग्रामीण गहरे सदमे में हैं और स्कूल परिसर के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई है। कई माता-पिता अब भी अपने बच्चों की तलाश में परेशान हैं।

बारिश ने खोली स्कूलों की पोल

झालावाड़ का यह हादसा राज्य के लिए एक चेतावनी बनकर सामने आया है। पिछले कुछ दिनों में भारी बारिश के चलते राज्य के कई सरकारी स्कूलों की जर्जर हालत उजागर हुई है, लेकिन अब तक कोई बड़ा कदम नहीं उठाया गया। पीपलोदी गांव का यह दर्दनाक हादसा जिम्मेदार विभागों की लापरवाही का परिणाम प्रतीत हो रहा है।

जांच के आदेश और कार्रवाई की मांग

घटना के बाद पूरे जिले में शोक की लहर है। प्रशासन ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। ग्रामीणों और अभिभावकों की मांग है कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए और स्कूलों की हालत सुधारने के लिए तुरंत कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा ना हों।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें