Site icon Dainik Savera Times

जोधपुर में साध्वी प्रेम बाईसा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, Instagram Account से सुसाइड नोट पोस्ट होने पर मचा बवाल

Sadhvi Prem Baisa dies

Sadhvi Prem Baisa dies

नेशनल डेस्क। राजस्थान के जोधपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सनातन धर्म के प्रचार से जुड़ी साध्वी प्रेम बाईसा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनकी मौत के करीब चार घंटे बाद उनके इंस्टाग्राम अकाउंट से एक कथित सुसाइड नोट पोस्ट हुआ, जिससे पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया। अब यह मामला सिर्फ एक मौत तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सोशल मीडिया ट्रोलिंग, ब्लैकमेलिंग और मानसिक प्रताड़ना जैसे गंभीर मुद्दों से भी जुड़ गया है।

सोशल मीडिया पर एक्टिव थीं साध्वी
साध्वी प्रेम बाईसा पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय थीं। उनके धार्मिक विचारों और सनातन धर्म से जुड़े वीडियो अक्सर वायरल होते थे। इन्हीं वायरल वीडियो को लेकर उन्होंने एक व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाए थे। उनका कहना था कि एक वीडियो, जो सोशल मीडिया पर फैलाया गया, उसमें उनके पिता से जुड़ी बातों को एडिट कर गलत तरीके से पेश किया गया था।

पहले भी दर्ज हुई थी शिकायत
साध्वी ने इस मामले को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि वीडियो के जरिए उन्हें ब्लैकमेल करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी व्यक्ति को गिरफ्तार भी किया था। बाद में आरोपी के परिवार ने साध्वी से माफी मांगी। साध्वी ने उदारता दिखाते हुए आरोपी को माफ कर दिया था।

जेल से बाहर आने के बाद फिर वायरल हुआ वीडियो
आरोप है कि जेल से बाहर आने के बाद उसी व्यक्ति ने वीडियो को दोबारा एडिट कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इसके बाद साध्वी को सोशल मीडिया पर भारी ट्रोलिंग और अपमानजनक टिप्पणियों का सामना करना पड़ा। लगातार मिल रही नकारात्मक प्रतिक्रियाओं और मानसिक दबाव ने क्या उन्हें अंदर से तोड़ दिया? यही सवाल अब सभी के मन में उठ रहा है।

 

 

मौत के बाद इंस्टाग्राम पर आया कथित सुसाइड नोट
साध्वी की मौत के लगभग चार घंटे बाद उनके इंस्टाग्राम अकाउंट से एक लंबी पोस्ट सामने आई। इस पोस्ट को कथित सुसाइड नोट माना जा रहा है। इसमें उन्होंने लिखा कि उन्होंने अपना पूरा जीवन सनातन धर्म के प्रचार में लगा दिया और अंतिम सांस तक सनातन उनके हृदय में रहा। उन्होंने यह भी जिक्र किया कि उन्होंने आदि जगतगुरु शंकराचार्य और अन्य संत-महात्माओं को “अग्नि परीक्षा” के लिए लिखित निवेदन भेजा था, लेकिन शायद प्रकृति को कुछ और ही मंजूर था। पोस्ट के आखिर में उन्होंने न्याय की उम्मीद जताई — अगर जीवन में नहीं मिला, तो मृत्यु के बाद जरूर मिलेगा।

सुसाइड नोट पर भी उठ रहे सवाल
इस पोस्ट को लेकर भी कई सवाल उठ रहे हैं। कुछ लोगों का मानना है कि यह पोस्ट पहले से शेड्यूल की गई हो सकती है, जो उनकी मौत के बाद अपने आप इंस्टाग्राम पर पब्लिश हो गई। पुलिस अब इस तकनीकी पहलू की भी जांच कर रही है — क्या पोस्ट खुद साध्वी ने डाली थी या किसी और ने? क्या यह पहले से तय समय पर पोस्ट होने के लिए सेट थी?

आश्रम के बाहर हुआ हंगामा
मौत की खबर फैलते ही रात में आरती नगर स्थित आश्रम के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोग और साध्वी के समर्थक आक्रोशित हो गए। उनका आरोप था कि पूरे मामले में कुछ छिपाने की कोशिश की जा रही है। स्थिति तब और तनावपूर्ण हो गई जब साध्वी के पिता ने शुरुआत में पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। लोगों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया और पोस्टमार्टम की मांग करने लगे।

सीसीटीवी फुटेज गायब होने के आरोप
आश्रम से जुड़े लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज गायब है। इससे शक और गहरा हो गया है। पुलिस इन आरोपों की भी जांच कर रही है।

आज होगा पोस्टमार्टम
देर रात साध्वी के पार्थिव शरीर को महात्मा गांधी अस्पताल लाया गया। यहां आज उनका पोस्टमार्टम किया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के असली कारणों का पता चलने की उम्मीद है।

 

Exit mobile version