Site icon Dainik Savera Times

सांवलिया सेठ मंदिर में चढ़ाई चांदी से बनी पेट्रोल पंप मशीन, मन्नत पूरी होने के बाद धूम-धाम से किए दर्शन

Silver Petrol pump machine

Silver Petrol pump machine

Silver Petrol pump machine : राजस्थान के चित्तौड़गढ़ से आस्था और भक्ति से जुड़ा एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां एक व्यापारी की मनोकामना पूरी हुई तो उसने मंदिर में चांदी की पेट्रोल पंप मशीन चढ़ा दी। इस व्यापारी ने चांदी की पेट्रोल पंप मशीन के साथ ही सांवरिया सेठ को 56 भोग भी चढ़ाए। चित्तौड़गढ़ जिले के डूंगला क्षेत्र में जारोली परिवार प्रसिद्ध है। परिवार के अनुसार बेटे कुशाल कुमार और सुशील कुमार ने नए पेट्रोल पंप के लिए आवेदन किया था, लेकिन इसमें बाधाएं आ रही थीं। इसके चलते उन्हें लगातार असफलता का सामना करना पड़ रहा था। ऐसे कठिन समय में उन्होंने चित्तौड़गढ़ के प्रसिद्ध सांवरिया सेठ के दरबार में मन्नत मांगी कि अगर उनका काम पूरा हो गया तो वे ठाकुरजी को विशेष भोग लगाएंगे और प्रतीकात्मक चांदी की पेट्रोल पंप मशीन भेंट करेंगे।

निकली गई शोभायात्रा-
कुछ समय बाद उनकी मनोकामना पूरी हुई। उन्हें पेट्रोल पंप खोलने का लाइसेंस मिल गया, जिसके बाद बड़ीसादड़ी क्षेत्र में उनके फिलिंग स्टेशन का उद्घाटन हो गया। इसी कड़ी में शनिवार को आभार के प्रतीक स्वरूप भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें श्रद्धालु डीजे की धुन पर नाचते-गाते हुए चल रहे थे। शोभायात्रा आवरी माता रोड स्थित एक होटल से शुरू हुई, जहां से श्रद्धालु छप्पन भोग और पेट्रोल पंप मशीन की चांदी की मूर्ति लेकर नाचते-गाते सांवलिया सेठ मंदिर पहुंचे। मंदिर परिसर ‘सांवलिया सेठ की जय’ के जयकारों से गूंज उठा।

सांवलिया सेठ के चरणों में अर्पित की मशीन-
परिवार के सदस्य चांदी से बनी प्रतीकात्मक पेट्रोल पंप मशीन को सिर पर उठाकर मंदिर के अंदर ले गए। उन्होंने मशीन को सांवलिया सेठ के चरणों में अर्पित किया। इस दौरान छप्पन भोग प्रसाद भी चढ़ाया गया। इस अवसर पर राज्य के सहकारिता एवं पर्यटन मंत्री गौतम दक भी मौजूद थे। भक्ति की भावना से परिपूर्ण इस अनूठी भेंट की हर जगह चर्चा हो रही है। सोशल मीडिया पर भी यह वीडियो खूब देखा जा रहा है।

 

Exit mobile version