Site icon Dainik Savera Times

अजमेर में दर्दनाक हादसा: चलती कार बनी आग की गोला, पूर्व सरपंच समेत 5 लोगों की मौत

ajmer car fire

नेशनल डेस्कः राजस्थान के अजमेर जिले में गुरुवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जहां, बोराड़ा थाना क्षेत्र के श्रीरामपुरा गांव के पास चलती कार में अचानक आग लग गई। इस हादसे में एक ही परिवार के कई लोग जिंदा जल गए। मिली जानकारी के अनुसार ये घटना सुबह करीब 5:30 बजे की बताई जा रही है।

सीने में दर्द होने पर अस्पताल ले जा रहे थे
जानकारी के अनुसार श्रीरामपुरा गांव के रहने वाले पूर्व सरपंच रामसिंह चौधरी अपनी मां और जिला परिषद सदस्य पूसी देवी को अस्पताल लेकर जा रहे थे। पूसी देवी को सीने में दर्द की शिकायत थी, इसलिए परिवार के लोग उन्हें जल्दी अस्पताल पहुंचाने की कोशिश कर रहे थे। कार में रामसिंह चौधरी, उनकी पत्नी सुरज्ञान देवी और भांजी महिमा भी सवार थीं।

अचानक कार से उठने लगा धुआं
रास्ते में चलते समय अचानक कार से धुआं निकलने लगा। इससे पहले कि कार में बैठे लोग कुछ समझ पाते, कुछ ही सेकंड में पूरी गाड़ी आग की लपटों में घिर गई। आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।

तीन लोगों की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत
हादसे में पूर्व सरपंच रामसिंह चौधरी, उनकी पत्नी सुरज्ञान देवी और भांजी महिमा कार से बाहर नहीं निकल सके। तीनों की कार के अंदर ही जिंदा जलकर मौत हो गई। वहीं जिला परिषद सदस्य पूसी देवी को आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह कार से बाहर निकाला। लेकिन वह गंभीर रूप से झुलस चुकी थीं। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां  इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।

गांव में पसरा मातम
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे श्रीरामपुरा गांव और आसपास के इलाके में शोक की लहर फैल गई। हादसे की खबर सुनते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस टीम मौके पर पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही बोराड़ा थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी
शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि कार में शॉर्ट सर्किट या किसी तकनीकी खराबी की वजह से आग लगी हो सकती है। हालांकि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। घटना की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है ताकि आग लगने की असली वजह का पता लगाया जा सके।

एसपी ने लिया घटनास्थल का जायजा
अजमेर एसपी हर्षवर्धन अगरवाला भी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि हादसे के सही कारणों की जांच की जा रही है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

Exit mobile version