Site icon Dainik Savera Times

निजामुद्दीन से त्रिवेंद्रम जा रही राजधानी एक्सप्रेस में लगी आग, मचा हड़कंप, ट्रेन से कूदे यात्री

Train Fire News

Train Fire News:  कोटा रेल मंडल से गुजर रहे दिल्ली-मुंबई रूट पर चल रही त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस (12431) के 2 कोच में आग लग गई। जैसे ही आग लगने की जानकारी यात्रियों को मिली। तुरंत हड़कंप मच गया। ये हादसा रविवार सुबह करीब 5.15 बजे कोटा मंडल के लूणी रीछा-विक्रमगढ़ आलोट (मध्य प्रदेश) स्टेशन के बीच हुआ। राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और बड़ा हादसा टल गया।

सुबह करीब साढ़े पांच बजे हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, ट्रेन सुबह अपने निर्धारित रूट पर तेज रफ्तार से चल रही थी। इसी दौरान ट्रेन के गार्ड ने बी-1 कोच से धुआं निकलता देखा। गार्ड ने तुरंत इसकी सूचना इंजन चालक को दी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ट्रेन को तुरंत ट्रैक पर रोक दिया गया।

15 मिनट में यात्रियों को बाहर निकाला गया
ट्रेन रुकते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और ट्रेन स्टाफ ने तेजी से राहत कार्य शुरू किया। अधिकारियों के अनुसार, जिस कोच में आग लगी थी उसमें करीब 68 यात्री सफर कर रहे थे। सभी यात्रियों को लगभग 15 मिनट के भीतर सुरक्षित कोच से बाहर निकाल लिया गया। रेलवे कर्मचारियों और आरपीएफ की सतर्कता के कारण किसी यात्री को नुकसान नहीं पहुंचा। सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

ये भी पढ़ेंः

प्रभावित कोच को ट्रेन से अलग किया गया
आग पर नियंत्रण पाने के लिए रेलवे ने तुरंत प्रभावित बी-1 कोच को ट्रेन से अलग कर दिया। साथ ही सुरक्षा के तौर पर ट्रेन की बिजली सप्लाई भी बंद कर दी गई, ताकि आग और ज्यादा न फैल सके।

राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचे
घटना की जानकारी मिलते ही कोटा रेल मंडल से टेक्निकल टीम, राहत दल और बचाव कर्मचारी तुरंत मौके के लिए रवाना किए गए। रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट जैसी आशंका जताई जा रही है, लेकिन रेलवे की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही असली कारण साफ हो पाएगा।

दिल्ली-मुंबई रेल ट्रैक पर ट्रैफिक प्रभावित
इस हादसे के बाद एहतियातन दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक पर रेल यातायात रोक दिया गया। पिछले कई घंटों से इस रूट पर ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। रेलवे अधिकारी ट्रैक को जल्द सामान्य करने की कोशिश में जुटे हुए हैं।

रेलवे ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
घटनास्थल: किमी 728/14-16 (लुनी रिच्छा–विक्रमगढ़ आलोट):
हेल्पलाइन नंबर: 09256099269
लुनी रिच्छा स्टेशन: 09251689241
कोटा पूछताछ: 6375898943
कोटा कंट्रोल: 9256099457
रेल मदद: 139

 

Exit mobile version