नई दिल्ली : कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने 3 दशक पहले अपने पिता और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की सुरक्षा हटाए जाने को महज एक संयोग मानने से इंकार करते हुए आरोप लगाया है कि ऐसा जानबूझकर किया गया था ताकि उनकी हत्या हो सके। उनके खिलाफ ऐसा माहौल बनाया गया था कि उनकी हत्या हो। जो कुछ हो रहा था, वह स्पष्ट था। राहुल गांधी ने अपनी मां सोनिया गांधी और बहन प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ बातचीत के दौरान यह टिप्पणी की।
इस बातचीत की वीडियो मंगलवार को कांग्रेस के सोशल मीडिया मंचों पर साझा की गई। राहुल का कहना था कि इस घटना से पहले ही सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं को लेकर उन्होंने अपने पिता और मां (सोनिया गांधी) से भी बात की थी। इस वीडियो में सोनिया गांधी ने राजीव गांधी के 35 साल पहले बिहार दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि वह उस समय खुली जीप में थे और वहां उन पर पथराव किया गया था।
सोनिया गांधी ने कहा कि जब कोई नेता विपक्ष में होता है और ऐसे राज्य का दौरा करता है, जहां दूसरी पार्टी की सरकार होती है, तो उसकी सुरक्षा को गंभीरता से नहीं लिया जाता। राहुल गांधी ने अपनी मां के साथ हुए व्यवहार का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने देखा है कि किस तरह उनकी मां का अपमान किया गया और उनके खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल किया गया। उन्होंने कहा, एक बेटे के तौर पर यह सब देखकर मुझे बहुत बुरा लगा।
राजीव गांधी की प्रधानमंत्री पद से हटने के बाद 1989 में बनी वीपी सिंह के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने उनकी (राजीव गांधी की) एसपीजी (विशेष सुरक्षा दल) सुरक्षा वापस ले ली थी। इसके स्थान पर उन्हें अपेक्षाकृत कम सुरक्षा प्रदान की गई। इसके बाद 21 मई 1991 को तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर में एक चुनावी सभा के दौरान लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम (लिट्टे) की आत्मघाती हमलावर ने उनकी हत्या कर दी।

