
नई दिल्ली : मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रोहिणी के सेक्टर-23 स्थित डीडीए रामलीला मैदान में सनातन संस्कारम् परिवार द्वारा आयोजित रामलीला में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने दर्शकों के बीच बैठकर भगवान श्रीराम की लीला का आनंद लिया और भव्य श्रीराम बारात के दर्शन किए। उनके साथ कला, संस्कृति एवं भाषा मंत्री कपिल मिश्रा और कैबिनेट मंत्री रविन्द्र इन्द्राज सिंह भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रामलीला भारतीय संस्कृति और सनातन संस्कारों से जुड़ने का महत्वपूर्ण अवसर है। यह आयोजन असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश देता है। उन्होंने आयोजन की भव्यता की सराहना करते हुए आयोजकों और रविन्द्र इन्द्राज सिंह को बधाई दी।
कपिल मिश्रा ने कहा कि दिल्ली सरकार सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक परंपराओं को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने रविन्द्र इन्द्राज सिंह की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे धर्म, संस्कृति और प्रशासनिक दायित्वों की अच्छी समझ रखने वाले जनप्रतिनिधि हैं।
रविन्द्र इन्द्राज सिंह ने कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्श मर्यादा, करुणा, कर्तव्यनिष्ठा और सदाचार की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि रामलीला जैसे आयोजन बच्चों और युवाओं को भारतीय संस्कृति से जोड़ने तथा सामाजिक मूल्यों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।