Site icon Dainik Savera Times

Ramlila Maidan Rally : सड़क पर उतरा INDIA ब्लॉक… भीड़ से खचाखच भरा रामलीला मैदान; सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

india bloc rally ramlila maidan

राहुल गांधी की अपील- कनॉट प्लेस आइए, साथ चलते हैं या सीधे रामलीला मैदान में मिलते हैं

नई दिल्लीः दिल्ली के रामलीला मैदान में आज, रविवार को INDIA गठबंधन की ओर से बड़ी रैली आयोजित की जा रही है। इस रैली का नाम ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रखा गया है। रैली के जरिए विपक्षी दल चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी और वोटर लिस्ट में बदलाव का मुद्दा उठा रहे हैं। इसके साथ ही मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR का विरोध किया जा रहा है। विपक्षी दलों की मांग है कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता होनी चाहिए और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। इस रैली में INDIA गठबंधन के कई बड़े नेता, पार्टी कार्यकर्ता, छात्र संगठन और सामाजिक संगठनों के लोग शामिल हो रहे हैं।

रामलीला मैदान में होगी जनसभा
रैली के कार्यक्रम के अनुसार, दोपहर 12 बजे मिंटो रोड और कनॉट प्लेस जंक्शन से रामलीला मैदान तक मार्च निकाला जाना है। इसके बाद रामलीला मैदान में बड़ी जनसभा आयोजित की जाएगी, जो शाम 5 बजे तक चलेगी। INDIA गठबंधन के बड़े नेता कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास से खुली बसों में सवार होकर मार्च शुरू होने वाली जगह तक पहुंचेंगे। इस रैली में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, अखिलेश यादव, ममता बनर्जी और तेजस्वी यादव समेत 19 विपक्षी दलों के नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है।

 

रैली को लेकर दिल्ली में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
रामलीला मैदान में होने वाली इस बड़ी रैली को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए 4 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों और केंद्रीय सुरक्षा बलों के जवानों को तैनात किया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था के तहत रामलीला मैदान को 14 अलग-अलग जोन में बांटा गया है। हर जोन की जिम्मेदारी एक ACP स्तर के अधिकारी को सौंपी गई है।

इसके अलावा निगरानी के लिए 200 से ज्यादा CCTV कैमरे लगाए गए हैं। पुलिस ड्रोन और जवानों के बॉडी कैमरों की मदद से भी पूरे इलाके पर नजर रख रही है। मैदान में एक कंट्रोल रूम भी बनाया गया है, जहां से सुरक्षा व्यवस्था पर निगरानी की जा रही है।

आयोजकों का 10 लाख लोगों के पहुंचने का दावा
रैली में भीड़ को लेकर आयोजकों और दिल्ली पुलिस के अनुमान में बड़ा अंतर है। आयोजकों का दावा है कि इस रैली में करीब 10 लाख लोग पहुंच सकते हैं। वहीं, दिल्ली पुलिस का अनुमान है कि रैली में लगभग 50 हजार लोग शामिल होंगे।

गठबंधन के नेता रामलीला मैदान की ओर बढ़ रहे
राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, फारूक अब्दुल्ला, तेजस्वी यादव, अखिलेश यादव, सुप्रिया सुले, अभिषेक बनर्जी, केसी वेणुगोपाल और अन्य INDIA गठबंधन के नेता, महारैली के लिए रामलीला मैदान की ओर बढ़ रहे हैं.

नेताओं की खुली बस के आसपास जुटी भारी भीड़
CEC और SIR के विरोध में रामलीला मैदान की ओर मार्च कर रहे INDIA गठबंधन के नेताओं की खुली बस के आसपास बड़ी संख्या में समर्थक जुट गए। नेताओं की बस के साथ समर्थकों का हुजूम भी आगे बढ़ता दिखाई दिया। रैली में शामिल होने के लिए अलग-अलग राज्यों से पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक दिल्ली पहुंचे हैं।

दिल्ली पुलिस का दावा- रैली के दौरान सब कुछ शांतिपूर्ण
रैली की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) देवेश श्रीवास्तव ने कहा कि दिल्ली पुलिस पूरी स्थिति पर नजर रख रही है और अभी तक सब कुछ शांतिपूर्ण है। उन्होंने बताया कि लोग लगातार रैली में पहुंच रहे हैं। पुलिस आयोजकों के संपर्क में है और रैली को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करवाने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं। सुरक्षा और लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

राहुल गांधी समेत कई बड़े नेता रैली में शामिल होने पहुंचे
INDIA गठबंधन की इस महारैली में शामिल होने के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, फारूक अब्दुल्ला, तेजस्वी यादव, अखिलेश यादव, सुप्रिया सुले, अभिषेक बनर्जी और केसी वेणुगोपाल समेत कई बड़े विपक्षी नेता रामलीला मैदान की ओर बढ़ रहे हैं। विपक्षी दल इस रैली के जरिए चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली, वोटर लिस्ट के पुनरीक्षण और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों पर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग को घेरने की तैयारी में हैं।

कनॉट प्लेस में लगा लंबा ट्रैफिक जाम, आम लोगों को परेशानी
रैली के चलते दिल्ली के कनॉट प्लेस और आसपास के इलाकों में भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई है। कई रास्तों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है और कुछ इलाकों में ट्रैफिक रोकना पड़ा है। जाम की वजह से आम लोगों को काफी परेशानी हो रही है। कई लोग समय पर रेलवे स्टेशन तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। वाहन चालकों का कहना है कि त्योहार के बाद रैली आयोजित की जाती तो लोगों को कुछ राहत मिल सकती थी।

वहीं, जाम में एंबुलेंस भी फंसी हुई दिखाई दी। बताया जा रहा है कि लक्ष्मी नगर की ओर जाने वाली एक एंबुलेंस काफी देर तक रास्ते में फंसी रही। एंबुलेंस का सायरन लगातार बजता रहा, लेकिन उसे आगे निकलने के लिए रास्ता नहीं मिल पाया। इस वजह से मरीजों और उनके परिजनों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

 

राहुल गांधी ने लोगों से की रैली में पहुंचने की अपील
रैली से पहले राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिल्ली के लोगों से इसमें शामिल होने की अपील की। उन्होंने लिखा, “दिल्ली, तैयार हो जाओ! वोट बचाओ, देश बचाओ। कनॉट प्लेस आइए, साथ चलते हैं या सीधे रामलीला मैदान में मिलते हैं, मगर आना जरूर है। आज दोपहर 12 बजे।” राहुल गांधी की इस अपील के बाद कांग्रेस और INDIA गठबंधन के नेता अपने समर्थकों के साथ रैली में शामिल होने के लिए लोगों से पहुंचने की अपील कर रहे हैं। रैली का मुख्य मुद्दा चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता, वोटर लिस्ट का विशेष पुनरीक्षण (SIR) और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग है।

 

Exit mobile version