Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

रानी मुखर्जी के घर पसरा मातम, परिवार के अहम सदस्य का हुआ निधन

September 22, 2026

रानी मुखर्जी के घर पसरा मातम, परिवार के अहम सदस्य का हुआ निधन

मुंबई: अभिनेत्री रानी मुखर्जी की मां और पूर्व पार्श्व गायिका कृष्णा मुखर्जी का 75 वर्ष की उम्र में मंगलवार को निधन हो गया। इस मुश्किल घड़ी में परिवार ने लोगों से निजता बनाए रखने की अपील की है।

‘दुख की घड़ी में निजता का सम्मान करने की अपील’

वाईआरएफ ने सोशल मीडिया पर एक स्टेटमेंट जारी कर सभी को इस बात की जानकारी दी। साथ ही, रानी मुखर्जी के परिवार को थोड़ा सा एकांत देने की भी अपील की। जारी बयान में कहा, “भारी मन से हम यह साझा कर रहे हैं कि रानी मुखर्जी की मां कृष्णा मुखर्जी (75) का मंगलवार दोपहर निधन हो गया। परिवार आपके प्यार, प्रार्थनाओं और सहयोग के लिए दिल से आभारी है और इस दुख की घड़ी में निजता का सम्मान करने की विनम्र अपील करता है।”

अभिनेत्री रानी मुखर्जी की मां कृष्णा मुखर्जी एक पूर्व पार्श्व गायिका थीं। उनका विवाह मशहूर फिल्म निर्देशक और निर्माता राम मुखर्जी से हुआ था। राम मुखर्जी ‘फिल्मालय स्टूडियो’ के संस्थापक शशधर मुखर्जी के परिवार से ताल्लुक रखते थे। राम मुखर्जी का 2017 में निधन हो गया था। दंपति के दो बच्चे हैं- बॉलीवुड एक्ट्रेस रानी मुखर्जी और फिल्ममेकर-प्रोड्यूसर राजा मुखर्जी।

रानी मुखर्जी अपनी मां कृष्णा मुखर्जी के बहुत करीब रही हैं और कई मौकों पर उनके साथ नजर भी आईं हैं। मां-बेटी के बीच काफी करीबी रिश्ता था, जिसका जिक्र रानी ने कई बार किया था। रानी मुखर्जी ने एक इंटरव्यू में अपने जन्म का किस्सा भी शेयर किया था, जिसमें उन्होंने बताया था कि रानी मुखर्जी के जन्म के बाद गलती से रानी को किसी दूसरे (पंजाबी) परिवार के बच्चे के साथ बदल दिया गया था। तब कृष्णा मुखर्जी ने ही अपनी पहचान (बेटी की आंखें भूरी हैं) के आधार पर असली बेटी को वापस ढूंढा था।

रानी ने ‘गुलाम’, ‘कुछ कुछ होता है’, ‘साथिया’, ‘हम तुम’ और ‘ब्लैक’ जैसी फिल्मों से हिंदी सिनेमा की लीडिंग एक्ट्रेस के तौर पर अपनी पहचान बनाई। उनकी सबसे हालिया रिलीज ‘मर्दानी 3’ है, जो 2026 में थिएटर्स में आई थी। मर्दानी फ्रेंजाइजी से अभिनेत्री ने हिंदी सिनेमा में एक अलग पहचान बनाई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें