
गाजियाबाद। नंदग्राम इलाके में दो युवकों ने अलग-अलग स्थानों पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। गांव गढ़ी में दोस्त से मिलने सिहानी से आए रैपिडो ड्राइवर ने कमरा बंदकर चादर से फंदा लगा लिया। दोस्त ने खिड़की तोड़कर उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दूसरे मामले में प्रॉपर्टी डीलर के यहां काम करने वाले युवक ने घर में फंदा लगाकर जान दे दी।
बागपत के बामनौली के रहने वाले 25 वर्षीय प्रतीक तोमर रैपिडो बाइक चलाता था। रविवार को मुरादाबाद निवासी उनका दोस्त विशाल अपनी बहन के घर गढ़ी गांव में आया था। उससे मिलने के लिए प्रतीक रविवार देर रात विशाल के पास गढ़ी पहुंचा। उस समय विशाल की बहन और बहनोई मेरठ गए थे। एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद के मुताबिक विशाल किसी काम से कमरे से बाहर गया। जब लौटकर आया तो उसे प्रतीक नहीं दिखा। उसने दूसरे कमरे में झांककर देखा तो प्रतीक चादर से बने फंदे पर पंखे से लटका था।
दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण विशाल ने खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया और प्रतीक को फंदे से उतारकर संजय नगर स्थित यशोदा अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने प्रतीक को मृत घोषित कर दिया। विशाल ने मामले की सूचना पुलिस को डायल-112 के माध्यम से दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसीपी का कहना है कि मामले में परिजनों से शिकायत मिलने पर जांच कराई जाएगी। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे उसके मुताबिक आगे कार्रवाई की जाएगी। अन्य घटनाक्रम में नूरनगर सिहानी निवासी 32 वर्षीय पंकज कुमार ने फंदा लगाकर जान दे दी। एसीपी नंदग्राम के मुताबिक घटना रविवार शाम करीब साढ़े चार बजे की है। पंकज कुमार इंदिरापुरम में एक प्रॉपर्टी डीलर के यहां काम करते थे। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस को सूचना अस्पताल से मिली थी।
Also Read :
मेष: दिन शुभ रहेगा...