Site icon Dainik Savera Times

जनता के लिए खुलेगा देहरादून स्थित ‘राष्ट्रपति आशियाना’, 21 एकड़ क्षेत्रफल में फैला है परिसर

Rashtrapati Aashiyaana : उत्तराखंड के देहरादून में राजपुर रोड पर स्थित ऐतिहासिक ‘राष्ट्रपति आशियाना’ आगामी अप्रैल माह से आम लोगों के लिए खुल जाएगा।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के निर्देश पर राष्ट्रपति सचिवालय के अधिकारियों ने देहरादून में राज्य सरकार के अधिकारियों के साथ बैठक की और आशियाना में जनता के लिए आवश्यक सुविधाएं जुटाने के निर्देश दिए।

राष्ट्रपति मुर्मू के निर्देश पर अब देहरादून स्थित 186 साल पुराने राष्ट्रपति आशियाना को आम लोगों के लिए खोला जा रहा है। 21 एकड़ क्षेत्रफल में फैले इस परिसर का इस्तेमाल मौजूदा समय में राष्ट्रपति अगंरक्षक (पीबीजी) द्वारा किया जा रहा है। परिसर को आम जन के लिए खोलने से पहले आवश्यक तैयारी के लिए शनिवार को आशियाना परिसर में राष्ट्रपति सचिवालय में अपर सचिव डॉ. राकेश गुप्ता ने उच्च स्तरीय बैठक में उत्तराखंड सरकार के उच्चाधिकारियों के साथ विचार विमर्श किया।

इस दौरान तय किया गया कि आम लोग परिसर के मुख्य भवन तक प्रवेश कर सकेंगे। लोगों को राष्ट्रपति आशियाना के साथ ही भारतीय सेना की 251 साल पुरानी रेजीमेंट पीबीजी के इतिहास और इसके 186 साल पुराने अस्तबल से रूबरू होने का भी मौका मिलेगा।

सैर के मध्य लोग परिसर के खूबसूरत बाग, कैफेटिरिया का भी आनंद उठा सकेंगे। बैठक में परिसर को आम जन के लिए खोलने से पहले बिजली, पानी, पार्किंग की सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

बैठक में पीबीजी के सीओ कर्नल अमित बेरवाल, ओएसडी स्वाति शाही के साथ ही उत्तराखंड शासन के सचिव शैलेश बगोली, सचिन कुर्वे, पंकज कुमार पांडे, देहरादून के जिला मजिस्ट्रेट (डीएम) सवीन बंसल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित हुए।

गौरतलब है कि इससे पहले राष्ट्रपति के निर्देश पर, हैदराबाद स्थित राष्ट्रपति नीलायम और मशहोबरा स्थित राष्ट्रपति निवास को भी आम लोगों के लिए खोला जा चुका है।

Exit mobile version