
Ravan Dahan Permission Revoked, AAP Leader Protests : नई दिल्ली। लाजपत नगर के कस्तूरबा निकेतन ग्राउंड में दशहरे पर रावण दहन की अनुमति रद्द होने से विवाद खड़ा हो गया है। आम आदमी पार्टी के नेता एवं एमसीडी सह-प्रभारी प्रवीण कुमार ने डूसिब के फैसले का विरोध करते हुए आरोप लगाया कि कार्यक्रम पर रोक भाजपा नेता के दबाव में लगाई गई।
प्रवीण कुमार के मुताबिक, 15 अक्टूबर को अनुमति मिलने के बाद मैदान में टेंट और अन्य सामान पहुंच गया था। मंगलवार को रावण दहन होना था, लेकिन कार्यक्रम से कुछ घंटे पहले डूसिब अधिकारियों ने अनुमति रद्द होने की जानकारी दी। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई भाजपा नेता के दबाव में की गई। उन्होंने सवाल उठाया कि दशहरे जैसे त्योहार के आयोजन को क्यों रोका जा रहा है, उन्होंने कहा कि समिति रावण दहन करने के अपने फैसले पर कायम हैं।
प्रवीण कुमार ने बताया कि सरकार ने 35,000 रुपये की फीस मांगी थी, जिसे हमने जमा कर दिया था और इनके बताए सारे नियम भी पूरे किए थे, लेकिन एकाएक इन्होंने परमिशन कैंसिल कर दी और मात्र 12 घंटे पहले पुलिस और डूसिब के अधिकारी को भेजकर कह दिया कि यहां भाजपा विधायक तरविंदर सिंह मारवाह का दबाव है और ऊपर से फोन आया है, इसलिए दशहरे का आयोजन और रावण दहन नहीं हो सकता। प्रवीण कुमार ने आगे कहा कि यहां सारा समाज और सारे लोग खड़े हैं, इसलिए रावण का दहन यहीं पर होगा।
चाहे वे परमिशन दें या न दें, हिंदू समाज इतना कमजोर नहीं है कि एक कागज के टुकड़े के कारण अपना कार्यक्रम न करे और रावण दहन रोक दे। हमें बचपन से यही सिखाया गया है कि असत्य पर सत्य की जीत होती है और रावण का दहन करना है, इसलिए रावण यहां जलकर रहेगा।
मेष: दिन शुभ रहेगा...