Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

अनुराग के दरबार पहुंचा आर.सी.एफ.सी. स्थानांतरण का मुद्दा, दिल्ली में आज होगा फैसला

August 31, 2026

अनुराग के दरबार पहुंचा आर.सी.एफ.सी. स्थानांतरण का मुद्दा, दिल्ली में आज होगा फैसला

जोगिंदर नगर : क्षेत्रीय सह सुविधा केंद्र जोगिंदर नगर को सोलन स्थानांतरित करने के फैसले के विरोध में चल रहा आंदोलन अब दिल्ली के आयुष मंत्रालय तक पहुंच गया है। संघर्ष समिति का शिष्टमंडल रविवार को हमीरपुर के तरकवाड़ी में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर से मिला और उनसे आर.सी.एफ.सी. को जोगिंदर नगर में ही रखने के लिए केंद्रीय आयुष मंत्री के समक्ष संघर्ष समिति का पक्ष रखने का आग्रह किया। संघर्ष समिति के अध्यक्ष गुरू शरण परमार ने बताया कि अनुराग ठाकुर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आयुष मंत्रालय से दूरभाष पर संपर्क किया।

इसके बाद मंत्रालय की ओर से शिष्टमंडल को सोमवार सुबह 11 बजे मुलाकात का समय दिया गया है। सोमवार को अनुराग ठाकुर की अध्यक्षता में संघर्ष समिति का शिष्टमंडल आयुष मंत्रालय के सचिव से मुलाकात कर आर.सी.एफ.सी. के सोलन स्थानांतरण के निर्णय का विरोध दर्ज करवाएगा और जोगिंदर नगर में ही केंद्र को संचालित रखने की मांग को प्रमुखता से उठाएगा। परमार ने कहा कि संघर्ष समिति आर.सी.एफ.सी. को जोगिंदर नगर से बाहर ले जाने के किसी भी प्रयास को स्वीकार नहीं करेगी और इसके लिए आंदोलन को हर स्तर तक ले जाया जाएगा।

उधर, आर.सी.एफ.सी. बचाओ संघर्ष समिति का क्रमिक अनशन रविवार को 11वें दिन भी जारी रहा। दसवें दिन अनशन पर बैठे बनौण वार्ड के वार्ड सदस्य लवनीत राणा, बल्ह पंचायत के विजय ठाकुर, रोपड़ी-कलेहड़ू पंचायत के नागेश राणा तथा यौरा पंचायत के विवेक कुमार के बाद 11वें दिन आशीष ठाकुर ग्राम पंचायत स्पैड़ू, व्यवसायी भरत ठाकुर भराडू, सुमीत गुप्ता, प्रवीण ठाकुर और साहिल ठाकुर ने क्रमिक अनशन की जिम्मेदारी संभाली। अनुराग ठाकुर से मिलने वाले शिष्टमंडल में जिला परिषद भड़याडा के सदस्य कुशाल भारद्वाज, नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष प्यार चंद ठाकुर, नरेंद्र ठाकुर और दमनदीप भी मौजूद रहे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें