Last Updated: September 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

शालीमार बाग में विकास की नई शुरुआत, सीएम रेखा गुप्ता ने कई परियोजनाओं का किया शुभारंभ

February 7, 2026

शालीमार बाग में विकास की नई शुरुआत, सीएम रेखा गुप्ता ने कई परियोजनाओं का किया शुभारंभ

नई दिल्ली: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र के एसी एवं एसडी ब्लॉकों में नागरिक सुविधाओं से जुड़े कई विकास कार्यों का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं है, बल्कि नागरिकों के दैनिक जीवन को अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित और गरिमापूर्ण बनाना है।

एसी ब्लॉक और एसडी (सी) क्षेत्र में सड़कों, नालियों और ड्रेनों के निर्माण एवं सुधार कार्य किए जाएंगे। इन क्षेत्रों में आरएमसी (रेडी मिक्स कंक्रीट) सड़कों का निर्माण, आरसीसी तकनीक से नालियों का निर्माण, सड़क सुदृढ़ीकरण और जल निकासी व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा, जिससे बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी।

मुख्यमंत्री द्वारा जिन प्रमुख परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया, उनमें एसडी (सी) ब्लॉक में आरएमसी और डेंस कारपेटिंग तकनीक के माध्यम से सड़कों और नालियों के निर्माण कार्य शामिल हैं। इसके अलावा, एसडी (सी) ब्लॉक से एलडी कोहाट मेट्रो स्टेशन तक के मार्ग पर आरसीसी तकनीक से नई नाली के निर्माण की भी शुरुआत की गई है, जिससे इस क्षेत्र में जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जा सकेगा। साथ ही, शालीमार बाग स्थित नेहरू पार्क, अपना पार्क और सेंट्रल पार्क सहित एसी ब्लॉक के विभिन्न पार्कों में वॉकवे, वॉकिंग ट्रैक, बाउंड्री वॉल और सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यों की भी शुरुआत की गई है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इन कार्यों का उद्देश्य पार्कों को अधिक सुरक्षित, सुंदर और नागरिकों के उपयोग के लिए सुविधाजनक बनाना है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि एसी ब्लॉक में पार्किंग की समस्या को ध्यान में रखते हुए नई सरफेस पार्किंग का निर्माण किया जाएगा, जिससे स्थानीय निवासियों को बड़ी राहत मिलेगी।

इसके अलावा, शालीमार बाग के एडी, एजे, एएल, एई, एएफ एवं एसडी (सी) ब्लॉकों में गलियों, ड्रेनों और पार्कों से संबंधित विभिन्न विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई है। इन कार्यों के अंतर्गत गलियों और ड्रेनों का पक्कीकरण, पार्कों में वॉकवे और बाउंड्री वॉल की मरम्मत, सार्वजनिक स्थलों का सौंदर्यीकरण और स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप आधारभूत नागरिक सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें