Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

New Year पर देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर उमड़ा आस्था का सैलाब, काशी विश्वनाथ में लगे हर-हर महादेव के जयकारे

January 1, 2026

New Year पर देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर उमड़ा आस्था का सैलाब, काशी विश्वनाथ में लगे हर-हर महादेव के जयकारे

धर्म डेस्क। नए साल 2026 का पहला दिन पूरे भारत में भक्ति और उत्साह से भरा हुआ रहा। इस बार लोग पार्टी, जश्न और नाइट आउट की जगह मंदिरों में दर्शन करने पहुंचे। सुबह-सुबह से ही देश के बड़े मंदिरों में भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। ठंडी सुबह के बावजूद लोगों का भगवान के प्रति आस्था और जोश कम नहीं हुआ। परिवारों के साथ लोग पहुंचे, पूजा-अर्चना की और आने वाले साल में सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की। दिल्ली से लेकर मुंबई, उज्जैन से वाराणसी तक–हर जगह भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी।

दिल्ली के मंदिरों में भक्तों की उमड़ी भीड़
दिल्ली के कई प्रमुख मंदिरों में सुबह से ही लोग दर्शन करने पहुंचे। झंडेवालान मंदिर–मां दुर्गा के दर्शन के लिए भक्त लाइन में खड़े होकर बारी का इंतजार करते दिखे। कालकाजी मंदिर – यहां भक्तों ने देवी के सामने माथा टेककर नए साल की खुशियों और स्वास्थ्य की कामना की। लोधी रोड स्थित साई बाबा मंदिर – सुबह की आरती में काफी लोग शामिल हुए और भक्ति में लीन दिखे। दिल्ली के मंदिरों में माहौल बेहद शांत, भक्तिमय और श्रद्धा से भरा हुआ दिखाई दिया।

 

सिद्धिविनायक मंदिर में रात से ही लोग लगे लाइन में…
मुंबई के सिद्धिविनायक मंदिर में नए साल के पहले दिन भारी भीड़ रही। रात से ही लोग लाइन में खड़े होकर बप्पा के दर्शन का इंतजार कर रहे थे। हजारों लोग सुबह की पहली आरती में शामिल हुए। गणपति बप्पा के सामने भक्तों ने प्रसाद चढ़ाया, घंटियां बजाईं और अपनी मनोकामनाएं पूरी होने की दुआ मांगी। मंदिर ट्रस्ट ने बड़ी भीड़ को देखते हुए खास इंतज़ाम किए, ताकि दर्शन में किसी को परेशानी न हो। कई श्रद्धालु दूर-दराज के इलाकों से सिर्फ इसलिए मुंबई आए, ताकि नए साल की शुरुआत बप्पा के आशीर्वाद से कर सकें।

 

महाकालेश्वर मंदिर में भस्म आरती का दिव्य दृश्य
मध्य प्रदेश के उज्जैन में महाकालेश्वर मंदिर में सुबह की भस्म आरती देखने हजारों लोग पहुंचे। भस्म आरती का दृश्य बेहद सुंदर और मन मोह लेने वाला था। पूरा मंदिर भक्ति के रंग में रंगा हुआ दिखाई दे रहा था। दूर-दूर से लोग आए ताकि नौ वर्ष की शुरुआत बाबा महाकाल के चरणों में की जा सके। मंदिर प्रशासन ने भीड़ को संभालने और दर्शनों को सुचारू बनाने के लिए खास इंतज़ाम किए।

काशी विश्वनाथ में की गई मंगला आरती
वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर में सुबह की मंगला आरती के लिए भारी संख्या में लोग पहुंचे। भक्त घंटों लाइन में खड़े होकर बाबा विश्वनाथ के दर्शन की प्रतीक्षा करते रहे। विश्वनाथ मंदिर के आस-पास के घाटों पर भी गंगा आरती हुई। लोग एक-दूसरे को नए साल की शुभकामनाएं देते दिखे और नई उम्मीदों के साथ वर्ष 2026 का स्वागत किया।

 

आस्था से भरी नई शुरुआत
नए साल के पहले दिन देशभर में लोगों ने अपने-अपने तरीके से भगवान की आराधना की। भक्तों की भावना यही दिखी कि – नए साल की शुरुआत भगवान से हो तो साल भी शुभ और मंगलमय हो।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें