Reservation chart : रेल मंत्रालय ने लंबी दूरी की ट्रेनों के लिए मौजूदा चार घंटे की जगह आठ घंटे पहले आरक्षण चार्ट तैयार करने का फैसला किया है, ताकि दूरदराज के स्थानों से यात्रा करने वाले यात्रियों को अपनी यात्रा की बेहतर योजना बनाने में मदद मिल सके। रेल मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है। हाल ही में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक के दौरान यह फैसला लिया गया। वैष्णव के नेतृत्व में अधिकारी मौजूदा चार घंटे की जगह ट्रेन के रवाना होने से आठ घंटे पहले आरक्षण चार्ट तैयार करने पर काम कर रहे हैं।
मंत्रालय ने कहा, “इससे दूरदराज के स्थानों या बड़े शहरों के उपनगरों से लंबी दूरी की ट्रेनें पकड़ने के लिए यात्रा करने वाले यात्रियों को फायदा होगा। इससे प्रतीक्षा सूची में आरक्षण उपलब्ध न होने की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था करने के लिए अधिक समय भी मिलेगा।” मंत्रालय के अनुसार, “नई उन्नत यात्री आरक्षण प्रणाली (पीआरएस) प्रति मिनट 1.5 लाख से अधिक टिकटों की बुकिंग की अनुमति देगी। यह वर्तमान पीआरएस में प्रति मिनट 32,000 टिकटों की तुलना में लगभग पांच गुना अधिक होगी।
मंत्रालय ने कहा कि नए पीआरएस में बहुभाषी और उपयोगकर्ता के अनुकूल बुकिंग और पूछताछ इंटरफ़ेस भी है। नए पीआरएस में, उपयोगकर्ता अपनी पसंद की सीट आरक्षित करने और किराया देखने में सक्षम होंगे। अधिकारियों ने कहा कि इसमें दिव्यांगजन, छात्रों और रोगियों के लिए एकीकृत सुविधाएँ भी हैं।
मंत्रालय ने कहा, “भारतीय रेलवे 1 जुलाई, 2025 से केवल प्रमाणित उपयोगकर्ताओं को ही IRCTC वेबसाइट और इसके मोबाइल ऐप पर तत्काल टिकट बुक करने की अनुमति देगा।” इसने जोर दिया कि जुलाई के अंत से तत्काल बुकिंग के लिए ओटीपी-आधारित सत्यापन किया जाएगा।
मंत्री ने अधिकारियों को तत्काल बुकिंग के लिए सत्यापन तंत्र को बढ़ाने का निर्देश दिया। बयान में कहा गया है, “सत्यापन आधार या उपयोगकर्ता के डिजिलॉकर खाते में उपलब्ध किसी अन्य प्रमाणित सरकारी आईडी का उपयोग करके किया जाना चाहिए।” मंत्रालय के अनुसार, ये उपाय रेलवे द्वारा अपनी प्रणालियों को आधुनिक बनाने तथा उन्हें अधिक नागरिक-अनुकूल बनाने के लिए निरंतर प्रयास जारी है।

