टेक डेस्क: ऑफर में मिल रहे 18 महीने के इस प्लान की लागत करीब 35,100 रुपये प्रति यूज़र है। इसकी मदद से यूजर कंटेंट क्रिएशन से लेकर रिसर्च तक पहले से बेहतर तरीके से और तेजी के साथ कर सकेंगे, जियो यूज़र्स को 18 महीनों तक Google AI Pro का मुफ़्त एक्सेस मिलने जा रहा है। 35 हजार रुपये से ज्यादा के इस पैकेज को मुफ्त में दिए जाने का ऑफर रिलायंस इंडस्ट्रीज़ लिमिटेड (RIL) और गूगल के बीच हुई एक बड़ी रणनीतिक साझेदारी की वजह से संभव हुआ है। पूरे भारत में आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस का तेजी से विस्तार करने के लिए दोनों कंपनियों ने आज इस साझेदारी की घोषणा की है। इस कदम से न केवल रिलायंस इंडस्ट्री के ‘AI for All’ का सपना साकार होगा साथ ही कंपनियों, कंज्यूमर और डेवलपर्स को अपने-अपने सपने साकार करने के लिए जरूरी क्षमताएं हासिल होंगी।
क्या है इस साझेदारी में खास
इस साझेदारी के तहत दोनों कंपनियां मिलकर भारत में आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस (AI) के उपयोग को तेज़ी से आगे बढ़ाएंगी। इस साझेदारी का जियो यूजर्स को बड़ा फायदा मिलने जा रहा है, जहां उन्हें 18 महीनों के लिए Google AI Pro प्लान का मुफ़्त एक्सेस मिलेगा। ऑफर में यूज़र्स को Google Gemini 2.5 Pro का पहले से ज्यादा एक्सेस, लेटेस्ट Nano Banana और Veo 3.1 मॉडल के साथ शानदार इमेज और वीडियो बनाने के लिए ज्यादा लिमिट, पढ़ाई और रिसर्च के लिए Notebook LM का एक्सपेंडेड एक्सेस, 2 TB क्लाउड स्टोरेज जैसी प्रीमियम सेवाएं भी ऑफर में शामिल हैं। ऑफर में मिल रहे 18 महीने के इस प्लान की लागत करीब 35,100 रुपये प्रति यूज़र है।
किसे मिलेगा पहल का फायदा
शुरुआत में इस सुविधा को 18 से 25 वर्ष के जियो यूज़र्स के लिए खोला जाएगा, बाद में सभी जियो यूजर्स को इसका एक्सेस मिलेगा। यह AI सुविधा कंपनी सिर्फ उन जियो ग्राहकों को मुहैया कराएगी जिनके पास 5जी अनलिमिटेड प्लान्स होंगे। रिलायंस की सहायक कंपनी रिलायंस इंटेलिजेंस लिमिटेड और गूगल मिलकर जियो ग्राहकों के लिए यह खास AI सुविधा लेकर आए हैं। इसका उद्देश्य, हर भारतीय उपभोक्ता, संस्था और डेवलपर को AI से जोड़ना है।
दुनिया में भारत AI का हब बन सके, इसके लिए रिलायंस और गूगल भारत में उन्नत AI हार्डवेयर, यानी Tensor Processing Units (TPUs) तक कंपनियों की पहुँच बढ़ाएँगे। इससे भारतीय उद्योगों को बड़े और जटिल AI मॉडल विकसित करने में मदद मिलेगी।
रिलायंस के ‘AI for All’ विज़न की ओर कदम
ये साझेदारी रिलायंस के ‘AI for All’ विज़न के अनुरूप है। इसपर रिलायंस इंडस्ट्रीज़ लिमिटेड के चेयरमैन मुकेश डी. अंबानी ने कहा- हमारा उद्देश्य है कि 1.45 अरब भारतीयों तक AI सेवाएं पहुंचें। गूगल जैसे लंबी अवधि साझेदारों के साथ मिलकर हम भारत को AI सक्षम नहीं बल्कि AI समर्थ बनाना चाहते हैं, जहाँ हर नागरिक और संस्था AI का उपयोग कर आगे बढ़ सके।
गूगल और अल्फाबेट के सीईओ सुंदर पिचाई ने कहा- रिलायंस हमारे लिए भारत के डिजिटल भविष्य को साकार करने में एक अहम साझेदार रहा है। अब हम इस सहयोग को AI के युग में ले जा रहे हैं। यह पहल गूगल के अत्याधुनिक AI टूल्स को भारत के उपभोक्ताओं, व्यवसायों और डेवलपर्स तक पहुँचाएगी।