Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

RJD National Team: लालू यादव ने बनाई नई टीम, राबड़ी देवी और जगदानंद सिंह उपाध्यक्ष बने

July 26, 2025

RJD National Team: लालू यादव ने बनाई नई टीम, राबड़ी देवी और जगदानंद सिंह उपाध्यक्ष बने

पटना। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू यादव ने शनिवार को अपनी नई टीम की घोषणा कर दी। इस टीम में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को उपाध्यक्ष के रूप में शामिल किया गया है। इस कमेटी के जरिए सामाजिक समीकरण साधने की भी कोशिश की गई है। राजद अध्यक्ष लालू यादव की कमेटी में चार उपाध्यक्ष, अब्दुलबारी सिद्दीकी प्रधान महासचिव, सुनील कुमार सिंह को कोषाध्यक्ष के अलावा 12 महासचिव और 10 सचिवों की नियुक्ति की गई है।

लालू यादव के नेतृत्व में घोषित राष्ट्रीय कमेटी में जातीय समीकरण को भी साधा गया है। राजद की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में चार राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाए गए हैं, जिनमें पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह, पूर्व सांसद महबूब अली कैसर और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी शामिल हैं। इसके अलावा जय प्रकाश नारायण यादव, भोला यादव, ललित कुमार यादव, रेणु कुशवाहा, कुमार सर्वजीत, अनु चाको (केरल), झारखंड के अभय सिंह सहित 12 लोगों को महासचिव का दायित्व सौंपा गया है।

इसके अतिरिक्त 10 सचिवों की नियुक्ति की गई है, जिनमें यदुवंश कुमार यादव, लाल रत्नाकर, भारत भूषण मंडल, कार्तिकेय कुमार सिंह, विजय कुमार सिंह, संतोष कुमार जायसवाल, संजय ठाकुर, सुरेंद्र राम, स्वीटी सीमा हेंब्रम तथा राजेंद्र राम को शामिल किया गया है। बिहार में इस साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। राजद के अध्यक्ष लालू यादव की इस नई टीम की असली परीक्षा इस चुनाव में होने वाली है। वैसे, देखा जाए तो इस कमेटी में जातीय समीकरण का पूरा ख्याल रखा गया है।

चार राष्ट्रीय उपाध्यक्ष में से एक लालू परिवार से यानी यादव जाति से, दूसरा सवर्ण (राजपूत) से, तीसरा मुसलमान और चौथा दलित समाज से है। प्रधान महासचिव की जिम्मेदारी अब्दुल बारी सिद्दीकी को दी गई है जो मुसलमान हैं। कोषाध्यक्ष सुनील कुमार सिंह राजपूत समाज से आते हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें