Site icon Dainik Savera Times

सड़क हादसा: बिहार में डिवाइडर से टकराई कार, एक ही परिवार के 5 लोगों की हुई दर्दनाक मौत, 2 अन्य घायल

भोजपुर: बिहार के भोजपुर जिले में गुरुवार को दर्दनाक सड़क हादसे की घटना सामने आई है। जहां पर इस दर्दनाक सड़क हादसे में दो महिलाओं समेत पांच लोगों की मौत हो गई। कार में सवार सभी लोग मां विंध्यवासिनी का दर्शन कर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि कार सवार सभी लोग विंध्याचल से मां विंध्यवासिनी देवी के दर्शन कर लौट रहे थे। तभी उनकी कार अचानक डिवाइडर से टकरा गई। आपको बता दे कि हादसे के वक्त कार में सात लोग सवार थे। इनमें 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए।

पुलिस के मुताबिक, भोजपुर जिले के कमरिया गांव से 7 लोग महिंद्रा एसयूवी कार से विंध्याचल माता के दर्शन करने गए थे। ये सभी लोग गुरुवार की सुबह वापस लौट रहे थे। इसी बीच कार चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और कार सड़क के बीचोबीच डिवाइडर से जा टकरायी। पुलिस ने बताया कि इस घटना में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी।

मृतकों में तीन पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आशंका जताई जा रही है कि ड्राइवर को नींद आ गई, जिसके कारण यह हादसा हुआ। फ़िलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Exit mobile version