Last Updated: November 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

Road Accident : कार और लॉरी के बीच भीषण टक्कर, मौके पर हुई 5 लोगों की मौत 

October 23, 2024

Road Accident : कार और लॉरी के बीच भीषण टक्कर, मौके पर हुई 5 लोगों की मौत 
पलक्कड़ : केरल में पलक्कड़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर अय्यप्पन कावु के पास एक कार और लॉरी के बीच टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह हादसा मंगलवार रात 11 बजे हुआ। उसने बताया कि पलक्कड़ से आ रही कार की विपरीत दिशा से आ रही एक लॉरी से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद कार लॉरी में फंस गई थी। पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान के. के. विजेश (35), रमेश (31), विष्णु (30) और मोहम्मद अफसल (17) के रूप में हुई है। एक शव की फिलहाल पहचान नहीं हो पाई है।
पुलिस के अनुसार विजेश ऑटो-रिक्शा चालक है। पुलिस ने बताया कि कार में सवार पांच लोगों में से तीन की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो अन्य को पलक्कड़ जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन आपातकालीन वार्ड में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। शवों को पलक्कड़ जिला अस्पताल के शवगृह में रखा गया है। पुलिस को संदेह है कि भारी बारिश के कारण कार चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और कार कोयंबटूर की ओर जा रही लॉरी से टकरा गई।
पुलिस ने बताया कि इस हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी और वाहन को काटकर लोगों को बाहर निकाला गया। उसने बताया कि इस हादसे में लॉरी चालक को मामूली चोट आई हैं। वह तमिलनाडु का निवासी है। इस दुर्घटना के मद्देनजर राजनीतिक दलों ने पलक्कड़ विधानसभा उपचुनाव के लिए चुनाव-प्रचार अभियान बुधवार दोपहर तक स्थगित कर दिया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें