नेशनल डेस्क: पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मयनागुड़ी के उल्लाडाबरी इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग-27 (NH-27) पर उत्तर बंग राज्य परिवहन निगम (NBSTC) की एक यात्री बस सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से टकरा गई। इस दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई और 50 से अधिक यात्री घायल हो गए। घायलों में तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, एनबीएसटीसी की बस सिलीगुड़ी से कूचबिहार की ओर जा रही थी, जब बस उल्लाडाबरी क्षेत्र से गुजर रही थी, तभी वह सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर के पीछे जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेलर का पिछला हिस्सा बस के अंदर तक घुस गया। हादसे के बाद बस में चीख-पुकार मच गई और कई यात्री अंदर फंस गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। लोगों ने पुलिस की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
दुर्घटना में घायल 29 यात्रियों का इलाज जलपाईगुड़ी सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में चल रहा है। वहीं 16 अन्य घायलों को मयनागुड़ी ग्रामीण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल पहुंचने के बाद दो घायलों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मयनागुड़ी थाने के प्रभारी सुबल चंद्र घोष ने बताया कि बस की खड़े ट्रेलर से टक्कर होने के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है, जलपाईगुड़ी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीनिवास एम.पी. ने भी दो लोगों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सभी घायलों का इलाज जारी है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
इस हादसे के बाद इलाके में कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और सड़क पर यातायात को सामान्य कराया।