Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

Rohit Shetty Firing Case में पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, हरियाणा से हथियार बरामद

February 19, 2026

Rohit Shetty Firing Case में पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, हरियाणा से हथियार बरामद

मुंबई। बॉलीवुड के मशहूर निर्देशक रोहित शेट्टी के जुहू स्थित आवास पर हुई फायरिंग के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच को बड़ी सफलता मिली है। जांच के दौरान वह हथियार बरामद कर लिया गया है, जिसका इस्तेमाल शूटर ने रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग के लिए किया था। यह पिस्तौल हरियाणा से बरामद की गई, जिसे अब फॉरेंसिक साइंस लैबोरेट्री भेज दिया गया है। लैबोरेट्री में हथियार का बैलिस्टिक टेस्ट कराया जाएगा, ताकि वैज्ञानिक रूप से यह पुष्टि हो सके कि यही हथियार फायरिंग की वारदात में इस्तेमाल हुआ था।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने किया खुलासा 
क्राइम ब्रांच के अनुसार, इस मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी को लेकर मुंबई क्राइम ब्रांच की एक टीम हरियाणा गई थी। पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि उसने फायरिंग में इस्तेमाल की गई पिस्तौल वहीं छिपा रखी थी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हथियार बरामद किया। बैलिस्टिक रिपोर्ट आने के बाद केस की कड़ियां और मजबूत होंगी। इस बरामदगी के बाद अब पूरा मामला और भी गंभीर हो गया है। पुलिस के अनुसार, बिश्नोई गैंग के शुभम लोनकर और उसके भाई प्रवीण लोनकर ने मिलकर फायरिंग की योजना बनाई थी।

खास बात यह है कि प्रवीण लोनकर इस वक्त बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में जेल में बंद है। इसके बावजूद उस पर आरोप है कि उसने जेल से ही इस साजिश को अंजाम देने में अहम भूमिका निभाई। पुलिस को शक है कि प्रवीण लोनकर ने जेल में रहते हुए अपने नेटवर्क के जरिए शूटरों को हथियार, मोटरसाइकिल और फायरिंग के लिए जरूरी रकम उपलब्ध कराई। उसने पूरे ऑपरेशन को रिमोट कंट्रोल की तरह जेल से संचालित किया।

इस मामले में अब तक पुणे, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से कुल 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मुंबई क्राइम ब्रांच की करीब 12 टीमें इस केस की जांच में लगी हुई हैं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, प्रवीण लोनकर को जल्द ही इस फायरिंग केस में औपचारिक रूप से पुलिस कस्टडी में लिया जाएगा।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें