Rohtang-Koksar road accident: गुरुग्राम। मनाली की खूबसूरत वादियों में यादगार पल संजोने निकला गुरुग्राम का एक परिवार कभी नहीं सोच सकता था कि एक तस्वीर उनकी जिंदगी की आखिरी याद बन जाएगी। छुट्टियों की खुशियों के बीच रोहतांग-कोकसर मार्ग पर हुआ हादसा परिवार पर ऐसा कहर बनकर टूटा, जिसने मां और उसके 11 माह के मासूम बेटे की जिंदगी छीन ली। अब पीछे रह गई सिर्फ तस्वीरें, यादें और अपनों की आंखों में कभी न सूखने वाले आंसू।
एक फोटो बन गया हादसे का कारण
मृतक महिला की पहचान भोंडसी स्थित सियाराम एन्क्लेव निवासी तनु कुमारी और उनके बेटे दक्ष कुमार सिंह के रूप में हुई है। मौके से मिली जानकारी के अनुसार परिवार दोपहर रोहतांग-कोकसर मार्ग पर एक झरने के पास रुका था। तनु के पति दीपक कुमार सिंह और साले अमन सिंह बाहर खड़े होकर फोटो खींच रहे थे। तनु अपने छोटे बेटे के साथ कार के अंदर बैठी थीं, जबकि उनकी मां सविता देवी और पांच वर्षीय बड़ा बेटा भी वाहन के बाहर थे। इसी दौरान कार अचानक पीछे की ओर सरकने लगी और देखते ही देखते गहरी खाई में जा गिरी।
समझने से पहले हो गया हादसा
परिवार के सदस्य कुछ समझ पाते, उससे पहले ही हादसा हो चुका था। पड़ोसियों के अनुसार, परिवार मंगलवार रात ही मनाली के लिए रवाना हुआ था। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
पहाड़ों पर फोटो लेते समय बरतें ये सावधानियां
- फोटो खिंचवाते समय सड़क, खाई या ढलान के बेहद करीब न जाएं।
- वाहन को हमेशा सुरक्षित और निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करें।
- सेल्फी या फोटो के लिए जोखिम भरे स्थानों का चयन न करें।
- बच्चों को कभी भी अकेला न छोड़ें और उन पर लगातार नजर रखें।
- मौसम खराब होने या सड़क फिसलन भरी होने पर अतिरिक्त सावधानी बरतें।
- फोटो लेने के दौरान आसपास से गुजर रहे वाहनों और सड़क की स्थिति पर ध्यान दें।
- पहाड़ी क्षेत्रों में स्थानीय प्रशासन और पुलिस द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
- सोशल मीडिया के लिए ‘परफेक्ट फोटो’ लेने के चक्कर में जान जोखिम में न डालें।
Also Read :

