RRB JE Recruitment 2026: रेलवे में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। बता दें कि रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने जूनियर इंजीनियर (JE), डिपो मटेरियल सुपरिंटेंडेंट (DMS) और केमिकल एंड मेटलर्जिकल असिस्टेंट (CMA) के पदों पर भर्ती की घोषणा की है। इस भर्ती के जरिए कुल 4098 पदों को भरा जाएगा।
रेलवे ने इस भर्ती का छोटा नोटिस जारी कर दिया है। आवेदन की प्रक्रिया 14 अगस्त 2026 से शुरू होने की संभावना है। उम्मीदवार 13 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। हालांकि, ये तारीखें अभी पक्की नहीं हैं। भर्ती की पूरी जानकारी रेलवे के आने वाले नोटिफिकेशन में दी जाएगी।
4098 पदों पर होगी भर्ती
RRB JE भर्ती 2026 देशभर के अलग-अलग रेलवे भर्ती बोर्ड के माध्यम से आयोजित की जाएगी। इसमें जूनियर इंजीनियर, डिपो मटेरियल सुपरिंटेंडेंट और केमिकल एंड मेटलर्जिकल असिस्टेंट के पद शामिल हैं। किस रेलवे जोन में कितने पद हैं और किस पद के लिए कितनी वैकेंसी है, इसकी जानकारी जल्द जारी होने वाले नोटिफिकेशन में मिलेगी।
ये भी पढ़ें :
महत्वपूर्ण तारीखें
शॉर्ट नोटिस जारी होने की तारीख: 21 जुलाई 2026
पूरा नोटिफिकेशन जारी होने की संभावित तारीख: 13 अगस्त 2026
आवेदन शुरू होने की तारीख: 14 अगस्त 2026
आवेदन की आखिरी तारीख: 13 सितंबर 2026
कौन कर सकता है आवेदन?
इस भर्ती के लिए उम्मीदवार की उम्र 1 जनवरी 2027 तक 18 से 33 साल के बीच होनी चाहिए। शैक्षणिक योग्यता की पूरी जानकारी नोटिफिकेशन में जारी की जाएगी। सामान्य रूप से संबंधित इंजीनियरिंग ट्रेड में डिप्लोमा या डिग्री रखने वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकेंगे। अलग-अलग पदों के लिए योग्यता अलग हो सकती है।
कैसे होगा चयन?
RRB JE भर्ती में उम्मीदवारों का चयन कई चरणों में किया जाएगा। सबसे पहले कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT-1) होगी। इसमें पास होने वाले उम्मीदवारों को CBT-2 परीक्षा देनी होगी।इसके बाद दस्तावेजों की जांच (Document Verification) और मेडिकल टेस्ट होगा। सभी चरणों में सफल उम्मीदवारों को रेलवे में नौकरी दी जाएगी।
ये भी पढ़ें :
कितनी मिलेगी सैलरी?
रेलवे में चयनित उम्मीदवारों को सातवें वेतन आयोग के अनुसार पे लेवल-6 की सैलरी मिलेगी। शुरुआती बेसिक वेतन 35,400 रुपये प्रति माह होगा। इसके अलावा रेलवे के नियमों के अनुसार अन्य भत्ते भी मिलेंगे।
आवेदन से पहले आधार कार्ड अपडेट करें
रेलवे भर्ती बोर्ड ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि आवेदन करने से पहले अपना आधार कार्ड अपडेट कर लें। आधार कार्ड में नाम और जन्म तारीख वही होनी चाहिए जो 10वीं के प्रमाण पत्र में दर्ज है।
इसके अलावा उम्मीदवार अपनी फोटो और बायोमेट्रिक जानकारी भी अपडेट रखें, ताकि डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के समय कोई परेशानी न हो। बाकि पूरा नोटिफिकेशन जारी होने के बाद उम्मीदवार आवेदन प्रक्रिया, फीस, परीक्षा पैटर्न और अन्य जरूरी जानकारी देख सकेंगे।

