Site icon Dainik Savera Times

संघ प्रमुख मोहन भागवत 13 से 17 अप्रैल तक करेंगे कानपुर प्रवास, विभिन्न कार्यक्रमों में लेंगे हिस्सा

Mohan Bhagwat

कानपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक मोहन भागवत आज से 17 अप्रैल तक कानपुर के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह अंबेडकर जयंती के मौके पर नवनिर्मित संघ कार्यालय का उद्घाटन करेंगे। जेड प्लस सुरक्षा घेरे में संघ प्रमुख के लिए सेंट्रल स्टेशन पर प्लेटफार्म से पोर्टकिो तक त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था होगी। प्रांत प्रचार प्रमुख डॉ. अनुपम ने बताया कि 14 अप्रैल को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉक्टर मोहन भागवत के द्वारा कार्यालय तथा अंबेडकर सभागार का उद्घाटन होगा, जिसकी सभी तैयारियां प्रांत प्रचारक राम देख रहे हैं।

इसके बाद 15 तथा 16 अप्रैल को संघ के छह आयाम में से सेवा विभाग के कार्यकर्ताओं के साथ उनकी बैठक होगी। इसमें पर्यावरण, सामाजिक समरसता के प्रांत स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ अलग-अलग समय पर बैठक होगी। 15 अप्रैल को कानपुर के पूर्व भाग कोयला नगर में शाखा पर रहेंगे, तथा 16 अप्रैल को निराला नगर की विद्यार्थी शाखा में पहुंचकर शाखा में हिस्सा लेंगे। भागवत 17 अप्रैल को संघ की प्रांत कार्यकारिणी के साथ इसमें संघ शताब्दी वर्ष में संघ के पंच परिवर्तन नागरिक कर्तव्य, पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली, सामाजिक समरसता, पारिवारिक मूल्य, स्वबोध जैसे विषयों पर चर्चा करेंगे और प्रांत में उस दिशा में बढ़ रहे कार्यों की समीक्षा करेंगे।

ज्ञात हो बीते दिनों आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने काशी में प्रांत बैठक की। इस दौरान उन्होंने शताब्दी समारोह वर्ष में होने वाले कार्यक्रमों की समीक्षा की। समीक्षा बैठक में अगले एक वर्ष तक संघ के कार्यों के विस्तार और इन्हें अधिक प्रभावी बनाने पर खास जोर दिए जाने की बात कही गई। कानपुर के बाद संघ प्रमुख अलीगढ़ के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह पश्चिमी यूपी में शताब्दी वर्ष की तैयारियों का जायजा लेने के साथ शाखाओं में स्वयंसेवकों से भी मिल सकते हैं।

ये भी पढ़ें- Varuthini Ekadashi 2026: इस दिन रखा जाएगा वरुथिनी एकादशी का व्रत, जानें महत्व और सही विधि

Exit mobile version