Dainik Savera Times

मदुरै के मुरुगन मंदिर में आज शाम 6 बजे जलेगा पवित्र दीप, श्रद्धालुओं को मिली अनुमति; सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

sacred lamp will lit at Murugan Temple Madurai today at 6 pm Thiruparankundram Deepam

मदुरै: सुप्रीम कोर्ट के नए निर्देश के बाद तमिलनाडु के मदुरै जिले में तिरुप्परनकुंद्रम (दीप स्तंभ) पर शनिवार को पवित्र दीप जलाया जाएगा। इसको लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। इस धार्मिक अनुष्ठान को देखने के लिए शनिवार सुबह से ही सैकड़ों श्रद्धालु मंदिर पहुंच रहे हैं। समिति के अंतिम फैसले के अनुसार, शनिवार शाम करीब 6 बजे पारंपरिक दीप जलाए जाने की तैयारी है। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है।

वहीं, सुप्रीम कोर्ट के दखल के बाद कानून-व्यवस्था बनाए रखने और धार्मिक समारोह को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए पूरी पहाड़ी पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों को तैनात किया गया है। पहाड़ी की चोटी पर स्थित पत्थर के स्तंभ पर दीप जलाने को लेकर चले आ रहे लंबे कानूनी विवाद के बाद सीआरपीएफ को तैनाचत किया गया है।

यह मामला धार्मिक प्रथाओं और प्रशासनिक निर्णयों से जुड़े विवाद के केंद्र में रहा है। तिरुप्परनकुंद्रम को भगवान मुरुगन के छह पवित्र स्थानों में से पहला माना जाता है। यहां तमिलनाडु और पड़ोसी राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। पिछले साल, मद्रास हाई कोर्ट की मदुरै बेंच ने अधिकारियों को ‘दीपाथून’ पर दीप जलाने का निर्देश दिया था। हालांकि, उस समय की डीएमके सरकार ने इस निर्देश को लागू नहीं किया और बाद में सुप्रीम कोर्ट में इस आदेश को चुनौती दी। वर्तमान ‘तमिलगा वेत्री कड़गम’ (टीवीके) सरकार ने भी इस मुद्दे पर अपनी पूर्ववर्ती सरकार के रुख को ही बरकरार रखा है।

सुप्रीम कोर्ट ने पहले निर्देश दिया था कि ‘कार्तिगई दीपम’ उत्सव के तहत 24 नवंबर को दीप जलाया जाए। लेकिन, तय किए गए स्तंभ पर दीप नहीं जलाया गया, जिसके बाद मदुरै जिला कलेक्टर, हिंदू धार्मिक और धर्मार्थ बंदोबस्त विभाग के आयुक्त और अन्य अधिकारियों के खिलाफ अदालत की अवमानना ​​की कार्यवाही शुरू हो गई।

 

शुक्रवार को मामले की सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने शनिवार को दीप जलाने की अनुमति देते हुए नए निर्देश जारी किए और पूरी पहाड़ी पर केंद्रीय सुरक्षा बलों को तैनात करने का आदेश दिया। अदालत ने श्रद्धालुओं को मंदिर की जमीन पर जाने की अनुमति भी दी, लेकिन शर्त यह है कि उन्हें पहाड़ी पर स्थित दरगाह से 50 मीटर की दूरी बनाए रखनी होगी।

मुस्लिम श्रद्धालुओं को भी दरगाह पर नमाज अदा करने की अनुमति रहेगी, ताकि दोनों ही धार्मिक स्थलों पर पूजा-पाठ बिना किसी रुकावट के जारी रह सके। रिटायर्ड जजों वैद्यनाथन और पार्थिबन की अध्यक्षता वाली एक समिति को यह तय करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है कि पारंपरिक दीप कब जलाया जाएगा।

Exit mobile version