Site icon Dainik Savera Times

बाढ़ पीड़ितों की सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता, बाढ़ राहत में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी : Delhi CM

नई दिल्ली: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि राजधानी दिल्ली में आई बाढ़ की स्थिति पर सरकार लगातार निगरानी रख रही है और प्रभावित लोगों को हरसंभव मदद प्रदान की जा रही है। उन्होंने बताया कि सरकारी तंत्र चौबीसों घंटे राहत कार्य में जुटा हुआ है और जरूरतमंदों को भोजन, पानी, चिकित्सा, शौचालय सहित सभी जरूरी सुविधाएं दी जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि यमुना का जलस्तर फिलहाल घट रहा है, जिससे हालात धीरे-धीरे सामान्य होने की उम्मीद है। इसके बावजूद सरकार सतर्क है और राहत व पुनर्वास कार्यों में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जा रही है।

उन्होंने बताया कि सभी जिलाधिकारियों (डीएम) को प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर राहत कार्यों की निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने आज अपने कैंप कार्यालय ह्यमुख्यमंत्री जनसेवा सदन से सभी डीएम और डिविजनल कमिश्नर के साथ ऑनलाइन समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि राहत शिविरों में ठहरे लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और भोजन, स्वास्थ्य, साफ-सफाई और सुरक्षा की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ से प्रभावित किसानों की फसलों का सर्वेक्षण कर जल्द से जल्द उचित मुआवजा देने पर विचार किया जा रहा है। इसके साथ ही मवेशियों के लिए चारा व सुरक्षित स्थानों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने यह भी जानकारी दी कि दिल्ली सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि भी प्रभावित इलाकों में पहुंचकर जनता से संवाद कर रहे हैं और राहत कार्यों में योगदान दे रहे हैं। इससे प्रशासनिक कार्यवाही को और गति मिल रही है।

उन्होंने बताया कि कुछ सीमावर्ती क्षेत्रों में हरियाणा की ड्रेनों का पानी दिल्ली में घुस रहा है। इस पर उन्होंने संबंधित डीएम को हरियाणा प्रशासन से समन्वय कर समस्या का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि सरकार के लिए बाढ़ पीड़ितों का जीवन और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए), स्वास्थ्य सेवाएं और राहत दल हर परिस्थिति के लिए तैयार हैं। सरकार पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ राहत कार्यों में जुटी है और जनता को आश्वस्त करती है कि हर संभव सहायता उन्हें दी जाएगी।

ये भी पढ़ें: Sheetala Ashtami 2026 : कब मनाई जाएगी शीतला अष्टमी? जानें पूजा की तिथि और शुभ मुहूर्त

Exit mobile version