Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

संभल हादसे पर PM Modi ने जताया दुख, 2-2 लाख की आर्थिक सहायता की घोषणा

July 5, 2025

संभल हादसे पर PM Modi ने जताया दुख, 2-2 लाख की आर्थिक सहायता की घोषणा

Sambhal accident : उत्तर प्रदेश के संभल जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई है, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा दुख जताया और मृतकों और घायलों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की।

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रधानमंत्री मोदी के हवाले से लिखा, “उत्तर प्रदेश के संभल में हुए हादसे में जान-माल के नुकसान से बेहद दुखी हूं। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति संवेदना। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। PMNRF से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।”

दरअसल, शुक्रवार शाम को जुनावई थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर जनता इंटर कॉलेज की दीवार से टकरा गई। बोलेरो सवार सभी लोग संभल के गांव हरगोविंदपुर (थाना जुनावई) के रहने वाले थे। वे बारात लेकर बिल्सी (जिला बदायूं) जा रहे थे। इस दौरान कार अनियंत्रित होकर जनता इंटर कॉलेज की दीवार से टकराकर पलट गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार चकनाचूर हो गई और दूल्हे समेत 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। 5 घायलों को गंभीर हालत में अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन रवि, कोमल और मधु ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। अब तक कुल 8 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है।

घटना की सूचना मिलते ही संभल के एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई और एएसपी अनुकृति शर्मा मौके पर पहुंचे। बोलेरो में फंसे घायलों को बड़ी मुश्किल से कार से बाहर निकाला गया। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घायलों को प्राथमिक उपचार दिलाया। शुरुआती जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही बताई जा रही है। स्थानीय प्रशासन पीड़ित परिवारों के संपर्क में है और हर संभव मदद पहुंचाने की कोशिश कर रहा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें