Last Updated: October 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

संभल विवाद में यूपी सरकार का रवैया बेहद दुर्भाग्यपूर्ण, सुप्रीम कोर्ट ले संज्ञान : प्रियंका गांधी वाड्रा

November 25, 2024

संभल विवाद में यूपी सरकार का रवैया बेहद दुर्भाग्यपूर्ण, सुप्रीम कोर्ट ले संज्ञान : प्रियंका गांधी वाड्रा

Sambhal Dispute : यूपी के संभल जिले में शाही जामा मस्जिद के सर्वे को लेकर हुई हिंसा के दौरान चार लोगों की मौत हो गई है। इस हिंसा पर अब कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की प्रतिक्रिया आई है। उन्होंने प्रदेश की जनता से शांति बनाए रखने की अपील की है।

प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोमवार को एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए यूपी सरकार से कड़े सवाल किए। उन्होंने लिखा, ‘संभल, उत्तर प्रदेश में अचानक उठे विवाद को लेकर राज्य सरकार का रवैया बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। इतने संवेदनशील मामले में बिना दूसरा पक्ष सुने, बिना दोनों पक्षों को विश्वास में लिए प्रशासन ने जिस तरह हड़बड़ी के साथ कार्रवाई की, वह दिखाता है कि सरकार ने खुद माहौल खराब किया। प्रशासन ने जरूरी प्रक्रिया और कर्तव्य का पालन भी जरूरी नहीं समझा।‘

उन्होंने आगे कहा, ‘सत्ता में बैठकर भेदभाव, अत्याचार और फूट फैलाने का प्रयास करना, न जनता के हित में है, न देश के हित में। माननीय सुप्रीम कोर्ट को इस मामले का संज्ञान लेकर न्याय करना चाहिए। प्रदेश की जनता से मेरी अपील है कि हर हाल में शांति बनाए रखें।‘

इससे पहले यूपी के पूर्व सीएम और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी संभल की हिंसा को लेकर यूपी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा, ‘सर्वे के नाम पर तनाव फैलाने की साजिश का ‘सर्वोच्च न्यायालय’ तुरंत संज्ञान ले और जो अपने साथ सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के उद्देश्य से नारेबाजों को ले गए, उनके खिलाफ शांति और सौहार्द बिगाड़ने का मुकदमा दर्ज हो और उनके खिलाफ ‘बार एसोसिएशन’ भी अनुशासनात्मक और दंडात्मक कार्रवाई करे। यूपी शासन-प्रशासन से न कोई उम्मीद थी, न है।‘

संभल में रविवार को भड़की हिंसा के बाद जिले में कई तरह की पाबंदियां लगा दी गई हैं। संभल में एक दिसंबर तक बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर भी रोक लगा दी गई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें