Site icon Dainik Savera Times

Lionel Messi को भारत बुलाने वाले सताद्रु दत्ता गिरफ्तार, हंगामे पर बोले- दर्शकों के पैसे लौटाए जाएंगे

खेल डेस्क। 13 दिसंबर 2025 को कोलकाता के सॉल्ट लेक स्टेडियम में फुटबॉल स्टार लियोनेल मैसी का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस इवेंट में मैसी के करीब 1 घंटे तक रुकने की बात कही गई थी, लेकिन वह सिर्फ 20–22 मिनट ही स्टेडियम में मौजूद रहे और फिर वहां से चले गए। इससे हजारों फैंस नाराज हो गए और जमकर बवाल मचाया।

टिकट के पैसे लौटाने का वादा
आयोजकों ने किया पूरा रिफंड देने का ऐलान किया है। आयोजकों ने दावा किया है कि सभी दर्शकों को टिकट का पूरा पैसा वापस किया जाएगा। हालांकि, पहले उन्होंने जिम्मेदारी से इनकार किया था, लेकिन बाद में रिफंड का वादा किया गया। ADG लॉ एंड ऑर्डर जावेद शमीम ने बताया कि मुख्य आयोजक सताद्रु दत्ता को गिरफ्तार कर लिया गया है और रिफंड प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

ये भी देखेंः ਜ਼ਿਲ੍ਹਾ ਪ੍ਰੀਸ਼ਦ ਤੇ ਬਲਾਕ ਸੰਮਤੀ ਲਈ ਵੋਟਿੰਗ : ਪੋਲਿੰਗ ਬੂਥਾਂ ‘ਤੇ ਲੱਗੀਆਂ ਰੌਣਕਾਂ,ਪਿੰਡ ਨਾਗ ਕਲਾਂ ਤੋਂ ਦੇਖੋ ਮੌਕੇ ਦੀਆਂ ਤਸਵੀਰਾਂ

महंगे टिकट, लेकिन मैसी का सही दीदार नहीं
इस कार्यक्रम को देखने के लिए करीब 60,000 दर्शक स्टेडियम पहुंचे थे। लोगों ने 5,000 रुपये से लेकर 16,000 रुपये तक के टिकट खरीदे थे। लेकिन मैसी के मैदान में आते ही अधिकारी, आयोजक और कई लोग सेल्फी लेने के लिए उन्हें चारों ओर से घेरकर खड़े हो गए। इसकी वजह से स्टैंड में बैठे दर्शकों को मैसी साफ दिखाई नहीं दिए। एक फैन सौम्यादीप घोष ने कहा, “मैंने 16,000 रुपये का टिकट खरीदा, लेकिन मैसी को ठीक से देख भी नहीं पाया। हमें ठगा गया महसूस हो रहा है।”

22 मिनट में खत्म हुआ कार्यक्रम
मैसी केवल 20–22 मिनट स्टेडियम में रुके और इसके बाद वहां से निकल गए। जैसे ही यह बात फैंस को पता चली, वे गुस्से में आ गए। लोगों ने प्लास्टिक की बोतलें, खाने के पैकेट और कुर्सियां फेंकनी शुरू कर दीं। स्टेडियम में तोड़फोड़ हुई और भगदड़ जैसे हालात बन गए।

पुलिस को करना पड़ा हल्का बल प्रयोग
हंगामा बढ़ता देख पुलिस को हालात काबू में करने के लिए हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। किसी बड़ी चोट की सूचना नहीं है, लेकिन माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया था।

आयोजक गिरफ्तार
इस शो के मुख्य आयोजक सताद्रु दत्ता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वह मैसी और उनकी टीम के साथ चार्टर्ड प्लेन से हैदराबाद जाने वाले थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें प्लेन से उतार लिया। पुलिस के मुताबिक, आयोजन में भारी अव्यवस्था के लिए आयोजक जिम्मेदार थे।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने जताया दुख
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस घटना पर दुख जताया। उन्होंने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए और फैंस व मैसी दोनों से माफी मांगी।

AIFF ने झाड़ा पल्ला
कहा – यह हमारा इवेंट नहीं था, भारतीय फुटबॉल महासंघ (AIFF) ने साफ किया है कि यह कार्यक्रम उनका नहीं था और वे इसके आयोजन से जुड़े नहीं थे।

ये भी पढ़ेंः वोट चोरी को लेकर राजधानी में आज कांग्रेस की बड़ी रैली, राहुल-खरगे समेत ये दिग्गज नेता लेंगे हिस्सा

Exit mobile version