नई दिल्ली: दिल्ली के सत्य निकेतन में इमारत गिरने के हादसे के बाद दिल्ली नगर निगम (MCD) ने बड़ी कार्रवाई की है। हादसे के करीब 22 घंटे बाद साउथ जोन के 5 अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई MCD कमिश्नर के आदेश पर की गई है।
निलंबित किए गए अधिकारियों में साउथ जोन के वरिष्ठ अधिकारी और बिल्डिंग विभाग से जुड़े कर्मचारी शामिल हैं। MCD के विजिलेंस विभाग ने सभी अधिकारियों के खिलाफ अलग-अलग निलंबन आदेश जारी किए हैं।
MCD के इन 5 अधिकारियों पर हुई कार्रवाई
राकेश कुमार- डिप्टी कमिश्नर
रणवीर सिंह- सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर (SE)
ललित कुमार गोयल- एग्जीक्यूटिव इंजीनियर (EE), बिल्डिंग
सुनील चौहान- असिस्टेंट इंजीनियर (AE), बिल्डिंग
आशीष कुमार- जूनियर इंजीनियर (JE)
आदेश के मुताबिक, इन अधिकारियों का निलंबन तब तक जारी रहेगा, जब तक इनके खिलाफ चल रही अनुशासनात्मक कार्रवाई पूरी नहीं हो जाती।
भवन मालिक हरिराम की गिरफ्तारी को 10 टीमें गठित
दिल्ली पुलिस ने सत्य निकेतन में पांच मंजिला बिल्डिंग के गिरने से हुए हादसे के संबंध में भवन मालिक हरिराम बंसल को गिरफ्तार करने के लिए 10 अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। इन टीमों में स्थानीय जिला पुलिस और विशेष स्टाफ के कर्मियों के साथ-साथ जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी भी शामिल हैं। सभी 10 टीमों का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (अतिरिक्त डीसीपी) रैंक के अधिकारी कर रहे हैं। साथ ही, वरिष्ठ अधिकारी अभियान की निगरानी कर रहे हैं और विभिन्न स्थानों पर तलाशी का समन्वय कर रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, हरिराम का पता लगाने और उसे हिरासत में लेने के प्रयासों के तहत दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। पलिस ने रविवार को हरिराम बंसल और अन्य लोगों के खिलाफ इमारत गिरने के संबंध में एफआईआर दर्ज की। पुलिस के अनुसार, इमारत का उपयोग पेइंग गेस्ट (पीजी) आवास के रूप में किया जा रहा था और बेसमेंट में कथित तौर पर नवीनीकरण का काम चल रहा था, तभी अचानक इमारत गिर गई। इस घटना में सात लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 12 लोगों को बचा लिया गया है और हादसे वाली जगह पर मलबे में फंसे लोगों की तलाश जारी है।
भवन मालिक के खिलाफ FIR दर्ज
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार सुबह दुर्घटनास्थल का दोबारा दौरा किया ताकि सुरक्षा उपायों का जायजा लिया जा सके और त्रासदी के बाद चल रहे बचाव और संबंधित अभियानों की समीक्षा की जा सके। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि भवन मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है और यह स्पष्ट कर दिया कि यदि इस मामले में लापरवाही या चूक के लिए दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के अधिकारी जिम्मेदार पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

