Site icon Dainik Savera Times

Satya Niketan PG accident: 7 लोगों की मौत के मामले में 6 आरोपी नामजद, दिल्ली पुलिस ने कोर्ट में पेश की चार्जशीट

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने सत्य निकेतन में इमारत ढहने के मामले में छह आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। इस घटना में कई लोगों की जान चली गई थी और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दिल्ली पुलिस ने गुरुवार को पटियाला हाउस कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की, जिसमें छह लोगों को नामजद किया गया है। इन पर लापरवाही, गैर-इरादतन हत्या और अन्य अपराधों के तहत आरोप लगाए गए हैं।

दरअसल, दिल्ली के एक पॉश इलाके में 6 सितंबर को एक पीजी हॉस्टल की इमारत ढह गई, जिसमें कम से कम सात लोगों की मौत हो गई और एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। यह पांच मंजिला इमारत तब ढही, जब इसके बेसमेंट में कुछ काम चल रहा था और बारिश के बाद ग्राउंड फ्लोर की मरम्मत की जा रही थी। किराए पर रह रहे कई छात्र मलबे के नीचे फंस गए थे, जिन्हें बाद में एनडीआरएफ, दिल्ली पुलिस और अन्य टीमों ने मिलकर बाहर निकाला। इस घटना के बाद, साउथ कैंपस पुलिस स्टेशन में एक एफआईआर दर्ज की गई।

दिल्ली पुलिस की चार्जशीट में हरि राम गुप्ता, उर्मिला गुप्ता, महेश गुप्ता, सनोज कुमार, सुधांशु लवनीश कुमार और शुभम त्यागी के नाम शामिल हैं। दिल्ली पुलिस ने इन पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की कई धाराएं लगाई हैं। इनमें लापरवाही से इंसानी जान खतरे में डालना, गैर-इरादतन हत्या, निर्माण या मरम्मत कार्य के दौरान लापरवाही, चोट पहुंचाना और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसे आरोप शामिल हैं।

यह पीजी इमारत रविवार को ढही थी। उस समय हॉस्टल के कई कमरे खाली थे, क्योंकि बहुत से छात्र अपने-अपने घर चले गए थे। हादसे के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घटनास्थल का दौरा किया, राहत और बचाव कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों को जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए। वहीं, कुछ ही घंटों के भीतर, लापरवाही और अपने कर्तव्यों के पालन में कोताही बरतने के आरोप में नगर निगम (एमसीडी) के डिप्टी कमिश्नर और चार इंजीनियरों को सस्पेंड कर दिया गया।

Exit mobile version