Last Updated: November 9, 2026

Dainik Savera Times Logo

पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र की पत्नी सत्यवती मिश्र का हुआ निधन, लोगों ने जताया शोक

September 13, 2026

पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र की पत्नी सत्यवती मिश्र का हुआ निधन, लोगों ने जताया शोक

नई दिल्लीः राजस्थान के पूर्व राज्यपाल और भाजपा के वरिष्ठ नेता कलराज मिश्र की पत्नी सत्यवती मिश्र का निधन हो गया है। वह 79 वर्ष की थीं। उन्होंने नोएडा के मेट्रो अस्पताल में देर रात अंतिम सांस ली। सत्यवती मिश्र पिछले करीब एक सप्ताह से अस्पताल में भर्ती थीं। उनके फेफड़ों में संक्रमण फैल गया था, जिसके कारण उनकी हालत गंभीर बनी हुई थी। डॉक्टर लगातार उनका इलाज कर रहे थे, लेकिन उनकी तबीयत में सुधार नहीं हो सका।

भाजपा नेताओं ने जताया दुख
सत्यवती मिश्र के निधन की खबर सामने आने के बाद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में शोक की लहर है। बड़ी संख्या में भाजपा नेता अस्पताल पहुंचे और कलराज मिश्र से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। भाजपा सांसद और पूर्व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने भी सोशल मीडिया के जरिए सत्यवती मिश्र के निधन पर दुख जताया। उन्होंने उन्हें परिवार की सदस्य बताते हुए श्रद्धांजलि दी।

दिनेश शर्मा ने सोशल मीडिया पर दी श्रद्धांजलि
दिनेश शर्मा ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा कि पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र की पत्नी सत्यवती मिश्रा अब हमारे बीच नहीं रहीं। उन्होंने सत्यवती मिश्र को सरल स्वभाव, धार्मिक और दूसरों की चिंता करने वाली महिला बताया। उन्होंने कहा कि सत्यवती मिश्र घर आने वाले हर व्यक्ति को समान सम्मान देती थीं। दिनेश शर्मा ने उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।

शनिवार को अस्पताल पहुंचे थे ब्रजेश पाठक
सत्यवती मिश्र की तबीयत खराब होने की जानकारी मिलने के बाद उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक शनिवार को नोएडा के मेट्रो अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने अस्पताल में कलराज मिश्र से मुलाकात की और उनकी पत्नी के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली थी। उस समय सत्यवती मिश्र की हालत गंभीर बताई जा रही थी।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें