Saudi Airlines plane : चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर रविवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब सऊदी एयरलाइंस की फ्लाइट एसवी 3112 में लैंडिंग के दौरान तकनीकी खराबी आ गई। विमान में 250 हज यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे और यह जेद्दा से लखनऊ पहुंचा था। सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं।
सूत्रों के अनुसार सऊदी एयरलाइंस की फ्लाइट एसवी 3112 रविवार सुबह करीब 6:30 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरी। लैंडिंग के बाद टैक्सीवे पर टैक्सी करते समय विमान के पहियों से अचानक चिंगारी और धुआं निकलने लगा। पायलट ने तुरंत स्थिति को समझा और विमान को रोक दिया, जिससे संभावित दुर्घटना टल गई।
एयरपोर्ट की दमकल टीम को तुरंत सूचना दी गई और करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद स्थिति पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। शुरुआती जांच में पता चला है कि विमान के हाइड्रोलिक सिस्टम में लीक की वजह से खराबी आई थी। एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि अगर खराबी टेकऑफ के दौरान हुई होती तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। पायलट की सूझबूझ और एयरपोर्ट इमरजेंसी टीम की तत्काल कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया। विमान में सवार सभी 250 हज यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया और उनकी सुविधा के लिए एयरपोर्ट पर वैकल्पिक व्यवस्था की गई।
एयरलाइंस का बयान-
सऊदी एयरलाइंस ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि फ्लाइट एसवी 3112 में तकनीकी खराबी के कारण लैंडिंग के बाद यह स्थिति उत्पन्न हुई। एयरलाइन ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। घटना के बाद विमान में सवार हज यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई। हालांकि एयरपोर्ट प्रशासन ने तुरंत यात्रियों को शांत कराया और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की। लखनऊ एयरपोर्ट निदेशक ने कहा, “हमारी प्राथमिकता यात्रियों की सुरक्षा है। तकनीकी खराबी की जांच के लिए विशेषज्ञों की टीम गठित की गई है।”

