Site icon Dainik Savera Times

भाजपा समर्थक भी ‘आप’ की योजनाओं से हर माह 25,000 रुपये बचा रहे, वे भी हमें वोट दें: केजरीवाल 

Arvind Kejriwal Troubles Increase

Arvind Kejriwal Troubles Increase

Saving Through AAP Schemes : अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को दावा किया कि दिल्ली में लागू आम आदमी पार्टी (आप) सरकार की योजनाओं से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) समर्थक भी हर माह 25,000 रुपये तक बचा रहे हैं और उन्होंने भाजपा समर्थकों से भी अपील की कि पांच फरवरी को विधानसभा चुनावों में सत्तारूढ़ दल को ही वोट दें।

एक वीडियो संदेश में ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक ने दावा किया कि उन्होंने एक भाजपा समर्थक से बात की और भाजपा शासित राज्यों में प्रदान किए जा रहे लाभों पर सवाल किए। केजरीवाल ने कहा, ‘‘मैंने उनसे (भाजपा समर्थकों) पूछा, अगर भाजपा सत्ता में आती है तो आप कहां जाएंगे? कितने भाजपा शासित राज्यों में अच्छे सरकारी स्कूल हैं? कितने भाजपा शासित राज्यों में बिजली मुफ्त है और चौबीसों घंटे उपलब्ध है? अपने लिए वोट करें और ‘झाड़ू’ का बटन दबाएं।’’ झाड़ू आम आदमी पार्टी का चुनाव चिन्ह है।

केजरीवाल ने दावा किया ‘आप’ सरकार की योजनाओं से दिल्ली में एक सामान्य परिवार को मुफ्त बिजली, पानी, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के कारण प्रति माह लगभग 25,000 रुपये की बचत हो रही है। उन्होंने आगाह किया कि अगर भाजपा सत्ता में आती है तो उनकी ये बचत खत्म हो जाएगी।

उन्होंने आप सरकार की कल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डालने के लिए शुक्रवार को ‘बचत पत्र’ अभियान शुरू किया। उन्होंने कहा, ‘‘लोग देख सकते हैं कि हमारी मुफ्त कल्याणकारी पहलों के माध्यम से वे कितनी बचत कर रहे हैं।’’ केजरीवाल ने यह भी दावा किया कि पार्टी के घोषणापत्र में की गई नयी घोषणाओं, जैसे कि बुजुर्गों को मुफ्त स्वास्थ्य सेवा के लिए संजीवनी योजना और विद्यार्थियों के लिए मेट्रो किराए में 50 प्रतिशत छूट तथा मुफ्त बस यात्रा से लोगों को 10,000 रुपये की और बचत होगी।

उन्होंने कहा, ‘‘इस तरह कुल मासिक बचत 35,000 रुपये हो जाएगी, बशर्ते मतदाता फिर से ‘झाड़ू’ का बटन दबाकर ‘आप’ को चुनें।’’ दिल्ली की 70 विधानसभा सीट के लिए पांच फरवरी को मतदान होगा और नतीजे आठ फरवरी को आएंगे।

 

 

 

Exit mobile version