नेशनल डेस्क: झारखंड के सिमडेगा के प्रखंड क्षेत्र के अघरमा के समीप हुए एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की जान चली गई। इस दुखद घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। मृतकों में लोहरदगा निवासी 58 वर्षीय गुलाम मुस्तफा, उनकी 55 वर्षीय पत्नी गुलशन परवीन और तीन मासूम बच्चे शामिल हैं। वहीं परिवार के अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स अस्पताल भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार, गुलाम मुस्तफा अपने परिवार के साथ लसिया गांव जा रहे थे। उनके साथ उनकी बेटियां हिना परवीन और नेहा परवीन तथा उनके बच्चे भी वाहन में सवार थे। बताया जा रहा है कि उनकी एक बेटी का ससुराल लसिया गांव में है, जहां उनके दामाद जूते-चप्पलों का व्यवसाय करते हैं। परिवार किसी पारिवारिक कार्यक्रम या मुलाकात के लिए वहां जा रहा था।
यात्रा के दौरान अघरमा के पास उनकी स्कॉर्पियो अचानक नियंत्रण से बाहर हो गई और सड़क किनारे खड़े एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसा इतना भयावह था कि पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना में हिना परवीन, नेहा परवीन, उमर नवाज नामक बच्चा तथा वाहन चालक अकरम खलीफा घायल हो गए। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रांची के रिम्स अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना की खबर मिलते ही अस्पताल में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों और परिचितों का रो-रोकर बुरा हाल था। इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
घटना पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने भी दुख व्यक्त किया है। कोलेबिरा विधायक नमन विक्सल कोनगाड़ी और सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा सहित कई लोगों ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
मुस्लिम समाज के प्रतिनिधि भी सदर अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवार को सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में पूरा समाज परिवार के साथ खड़ा है और हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी। हादसे के बाद जिला प्रशासन भी पूरी तरह सक्रिय हो गया। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम गुरुवार रात को ही कराया गया। अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए ताकि सभी प्रक्रियाएं समय पर पूरी हो सकें।
मेष: दिन शुभ रहेगा...