Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

आतंकवादियों का पता लगाने के लिए किश्तवाड़ में सुरक्षाबलों का तलाश अभियान जारी 

November 11, 2024

आतंकवादियों का पता लगाने के लिए किश्तवाड़ में सुरक्षाबलों का तलाश अभियान जारी 
Search Operation in J&K : जम्मू कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में छिपे आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में सेना के एक अधिकारी के शहीद होने के एक दिन बाद सोमवार को केशवान के घने जंगलों और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बलों का तलाश अभियान जारी है।
सुरक्षा बल गत बृहस्पतिवार को ग्राम रक्षा गार्ड (VDG) का अपहरण और हत्या करने वाले आतंकवादियों की तलाश में चार दिन से वन्य क्षेत्र की खाक छान रहे हैं। रविवार को मुठभेड़ तब शुरू हुई जब सेना और पुलिस के संयुक्त तलाश दल ने केशवान वन्य इलाके में करीब 11 बजे आतंकवादियों की घेराबंदी की। इस दौरान सेना और आतंकवादियों में मुठभेड़ चार घंटे से अधिक समय तक हुई।
मुठभेड़ में सेना की 2 पैरा के एक जूनियर कमीशन अधिकारी (JCO) नायब सूबेदार राकेश कुमार शहीद हो गए तथा तीन अन्य सैनिक घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि रविवार की मुठभेड़ के बाद से आतंकवादियों की ओर से कोई गोलीबारी नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि दो VDG की हत्या के लिए जिम्मेदार तीन से चार आतंकवादी अब भी इलाके में छिपे हैं और व्यापक तलाश अभियान जारी है।
अधिकारियों ने बताया कि आतंकवादियों की तलाश कर रहे सुरक्षा बलों के लिए घना जंगल और दुर्गम भौगोलिक स्थिति चुनौती पैदा कर रहे हैं। आतंकवादियों ने बृहस्पतिवार को वीडीजी नजीर अहमद और कुलदीप कुमार का नजदीकी कुंतवाड़ा जंगल में अपहरण कर लिया था तथा उनकी गोली मारकर हत्या कर दी थी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें