Last Updated: October 18, 2026

Dainik Savera Times Logo

बीजापुर में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, एनकाउंटर में एक नक्सली ढेर… AK-47 बरामद

February 5, 2026

बीजापुर में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, एनकाउंटर में एक नक्सली ढेर… AK-47 बरामद

नेशनल डेस्क: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान में एक और बड़ी सफलता मिली है। गुरुवार सुबह हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने एक नक्सली को मार गिराया। मौके से एक AK-47 राइफल भी बरामद की गई है।

अधिकारियों के मुताबिक, बीजापुर के दक्षिणी इलाके में सशस्त्र माओवादियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी मिली थी। इसके बाद जिला रिजर्व गार्ड (DRG), कोबरा और विशेष कार्य बल (STF) की संयुक्त टीम ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया। सुबह करीब 7:30 बजे सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच रुक-रुक कर गोलीबारी हुई।

यह भी पढ़ें:  नड्डा ने राहुल गांधी को कहा अबोध बालक, खड़गे बोले- सरकार को होती है ‘खुजली’

इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी

एनकाउंटर के बाद सुरक्षाबलों ने एक नक्सली का शव बरामद किया, जिसके पास से AK-47 राइफल मिली। फिलहाल इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है और ऑपरेशन पूरा होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी। यह कार्रवाई केंद्र सरकार के उस लक्ष्य की दिशा में अहम मानी जा रही है, जिसमें गृह मंत्री अमित शाह ने मार्च तक देश को नक्सल मुक्त करने की बात कही थी। सुरक्षाबल लगातार नक्सल प्रभावित इलाकों में अभियान तेज़ कर रहे हैं।

पिछले महीने भी मारे गए थे दो नक्सली

पिछले महीने बीजापुर के उत्तर-पश्चिमी इलाके में भी सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। इस दौरान दो नक्सली मारे गए थे और उनके पास से स्वचालित हथियार बरामद किए गए थे। बीजापुर के एसपी जितेंद्र यादव ने बताया था कि माओवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद यह ऑपरेशन चलाया गया था।

सुकमा में नक्सली स्मारक ध्वस्त

इसी कड़ी में, सुकमा जिले के गोगुंदा गांव में सीआरपीएफ ने एक बड़े नक्सली नेता रावुला श्रीनिवास उर्फ रमन्ना के स्मारक को गिरा दिया। रमन्ना माओवादी संगठन की केंद्रीय समिति का सदस्य था और 2019 में उसकी मौत हुई थी। सीआरपीएफ की 74वीं बटालियन ने नवंबर 2025 में गोगुंदा गांव में एक फॉरवर्ड ऑपरेटिंग बेस स्थापित किया था। इसके बाद यह इलाका, जो लंबे समय तक नक्सलियों के कब्जे में था, सुरक्षाबलों के नियंत्रण में आया।

यह भी पढ़ें: मीराबाई चानू का जलवा बरकरार, नेशनल चैंपियनशिप में तीन राष्ट्रीय रिकॉर्ड किए ध्वस्त

अधिकारियों ने बताया कि रमन्ना 2010 में हुए दंतेवाड़ा हमले का मास्टरमाइंड था, जिसमें 76 सीआरपीएफ जवान शहीद हुए थे। वह 2013 के झीराम घाटी हमले की साजिश में भी शामिल था। सुरक्षा बलों ने कहा कि नक्सल प्रभावित इलाकों में अब न सिर्फ अभियान चलाए जा रहे हैं, बल्कि वहां रहने वाले लोगों के पुनर्वास और बेहतर सुविधाएं देने पर भी ज़ोर दिया जा रहा है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें