Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

बाजार में सुस्ती, सेंसेक्स-निफ्टी सपाट; हेल्थकेयर और ऑटो सेक्टर में खरीदारी

February 11, 2026

बाजार में सुस्ती, सेंसेक्स-निफ्टी सपाट; हेल्थकेयर और ऑटो सेक्टर में खरीदारी

बुधवार के कारोबारी सत्र में भारतीय शेयर बाजार लगभग सपाट स्तर पर बंद हुआ। दिन के अंत में सेंसेक्स 40.28 अंक यानी 0.05 प्रतिशत की हल्की गिरावट के साथ 84,233.64 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 18.70 अंक या 0.07 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,953.85 के स्तर पर पहुंच गया।

दिनभर के कारोबार में हेल्थकेयर और ऑटो शेयरों ने बाजार को सहारा दिया। सेक्टोरल इंडेक्स में निफ्टी हेल्थकेयर 1.62 प्रतिशत की मजबूती के साथ सबसे आगे रहा। इसके अलावा निफ्टी ऑटो में 1.30 प्रतिशत, निफ्टी पीएसयू बैंक में 1.03 प्रतिशत, निफ्टी फार्मा में 1.01 प्रतिशत, निफ्टी इंडिया मैन्युफैक्चरिंग में 0.76 प्रतिशत और निफ्टी रियल्टी में 0.63 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई।

वहीं दूसरी ओर आईटी शेयरों पर दबाव दिखा। निफ्टी आईटी 1.76 प्रतिशत की गिरावट के साथ बंद हुआ। इसके अलावा निफ्टी पीएसई और निफ्टी प्राइवेट बैंक में भी 0.16-0.16 प्रतिशत की कमजोरी रही।

सेंसेक्स के शेयरों में एसबीआई, मारुति सुजुकी, इंडिगो, ट्रेंट, एनटीपीसी, बजाज फाइनेंस, आईसीआईसीआई बैंक, सन फार्मा, बीईएल, भारती एयरटेल और एलएंडटी बढ़त में रहे। जबकि टीसीएस, इन्फोसिस, एचसीएल टेक, आईटीसी, टेक महिंद्रा, एचडीएफसी बैंक, एक्सिस बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, टाइटन, टाटा स्टील, बजाज फिनसर्व, कोटक महिंद्रा बैंक, एशियन पेंट्स और पावर ग्रिड जैसे शेयरों में गिरावट देखी गई।

मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी सीमित दायरे में कारोबार हुआ। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 18.65 अंक या 0.03 प्रतिशत की हल्की बढ़त के साथ 60,754.55 पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 3.80 अंक की मामूली तेजी के साथ 17,455 पर बंद हुआ।

एलकेपी सिक्योरिटीज के सीनियर टेक्निकल एनालिस्ट रूपक दे के मुताबिक, सत्र के दौरान निफ्टी ने 26,000 के रेजिस्टेंस स्तर को छुआ, लेकिन वहां से दबाव देखने को मिला। हालांकि, उनका कहना है कि शॉर्ट टर्म ट्रेंड अभी भी सकारात्मक है और 25,800 के आसपास मजबूत सपोर्ट बना हुआ है। यदि निफ्टी 26,000 के ऊपर टिकने में सफल रहता है, तो आगे और तेजी की संभावना बन सकती है।

बाजार की शुरुआत भी सपाट रही थी। सेंसेक्स पिछले बंद 84,273.92 के मुकाबले 65.23 अंक की बढ़त के साथ 84,339.15 पर खुला था। वहीं निफ्टी 62.30 अंक चढ़कर 25,997.45 पर खुला था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें