
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर दिल्ली में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को अभियान की विस्तृत रूपरेखा की जानकारी देते हुए बताया कि इस दौरान दिल्ली सरकार के सभी विभाग जनसेवा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करेंगे। अभियान के तहत दिल्ली में करीब 13,820 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधान सेवक तक 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के अवसर को दिल्ली सरकार जनभागीदारी के साथ मनाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने जनसेवा को अपने जीवन का ध्येय बनाया है और उनकी कार्यशैली से प्रेरणा लेकर दिल्ली सरकार ने अभियान के तहत विभिन्न विभागों को जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।
17 सितंबर को जलेंगे ‘आशीर्वाद के दीये’
मुख्यमंत्री ने बताया कि 17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके तहत लाभार्थी अपने घरों में दीप जलाकर प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं देंगे। मुख्यमंत्री, मंत्री और जनप्रतिनिधि भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहीं ‘नमो सेवा की अनकही कहानियां’ के तहत सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की वास्तविक कहानियां वीडियो और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से सामने लाई जाएंगी।
70 विधानसभा क्षेत्रों में लगेंगे सेवा शिविर
‘सेवा सेतु’ अभियान के तहत दिल्ली की सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में तीन-तीन दिन के विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में केंद्र और दिल्ली सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र नागरिकों का पंजीकरण और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। सरकारी अधिकारी मौके पर मौजूद रहेंगे।