नेशनल डेस्क: गुजरात के राजकोट जिले के जेतपुर, धोराजी, उपलेटा और आसपास के ग्रामीण इलाकों में शुक्रवार सुबह भूकंप के कई झटके महसूस किए गए। एक के बाद एक आए झटकों से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग डर के कारण घरों से बाहर निकल आए। कई लोग अपनी सुरक्षा के लिए सड़कों और खेतों की ओर भागते नजर आए।
इंस्टीट्यूट ऑफ सिस्मोलॉजिकल रिसर्च (ISR) के अनुसार, सुबह 6:19 बजे सबसे तेज भूकंप दर्ज किया गया, जिसकी तीव्रता 3.8 मापी गई। इसके बाद सुबह 8:34 बजे तक कुल सात झटके महसूस किए गए। भूकंप की तीव्रता भले ही कम रही, लेकिन बार-बार झटके आने से लोगों में डर बना रहा।
ये भी पढ़ें: लोगों पर कहर बनकर टूटा हाथी, अब तक 19 लोगों को सुला चुका है मौत की नींद
ISR के डेटा के मुताबिक, सुबह 6:56 बजे 2.9 तीव्रता, 6:58 बजे 3.2 तीव्रता, 7:10 और 7:13 बजे दो बार 2.9 तीव्रता के झटके आए। इसके बाद 7:33 बजे 2.7 तीव्रता का भूकंप महसूस किया गया। अंत में सुबह 8:34 बजे एक और हल्का झटका दर्ज किया गया।
रिपोर्ट के अनुसार, इन सभी भूकंपों का केंद्र उपलेटा से करीब 27 से 30 किलोमीटर दूर पूर्व-उत्तरपूर्व दिशा में रहा। भूकंप की गहराई जमीन के अंदर 6.1 किलोमीटर से लेकर 13.6 किलोमीटर के बीच बताई गई है। इससे पहले गुरुवार रात करीब 8:43 बजे भी इसी क्षेत्र में 3.3 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था।
लगातार आ रहे भूकंप के झटकों के कारण ग्रामीण इलाकों में लोग काफी डरे हुए हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि अब तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है। स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
ये भी पढ़ें: Russia Ukraine War: पोलैंड की सीमा के पास रूस का हाइपरसोनिक हमला, शहर में मची भारी तबाही

