Site icon Dainik Savera Times

जम्मू कश्मीर में भीषण सर्दी, न्यूनतम तापमान शून्य से कई डिग्री नीचे

श्रीनगर। कश्मीर में न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से नीचे रहने के कारण पूरी घाटी शीत लहर की चपेट में रही। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जम्मू कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकारियों ने जानकारी दी कि दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकारियों ने बताया कि बारामूला के प्रसिद्ध स्की-रिसॉर्ट गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

वहीं काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस नीचे, कोकेरनाग शहर में शून्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस नीचे और जबकि कुपवाड़ा में शून्य से 3.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि दिसंबर माह में कश्मीर में कुछ बर्फबारी और बारिश हुई, जिसके परिणामस्वरूप लंबे समय तक शीत लहर की स्थिति बनी रही। कश्मीर इन दिनों 40 दिन की भीषण सर्दी वाली अवधि ‘चिल्लई कलां’ की चपेट में है। इस अवधि में बर्फबारी की संभावना सबसे अधिक होती है और अधिकांश क्षेत्रों, विशेषकर ऊंचे इलाकों में भारी बर्फबारी होती है।

Exit mobile version