Site icon Dainik Savera Times

Sharmishtha Panoli case : कोलकाता पुलिस ने शिकायतकर्ता वजाहत खान को किया गिरफ्तार

Sharmishtha Panoli case

Sharmishtha Panoli case

Sharmishtha Panoli case : कोलकाता पुलिस ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और लॉ स्टूडेंट शर्मिष्ठा पनोली के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराने वाले वजाहत खान को गिरफ्तार कर लिया है। सोशल मीडिया एक्टिविटी के जरिए कथित तौर पर नफरत फैलाने और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में कोलकाता के गोल्फ ग्रीन पुलिस स्टेशन में वजाहत खान के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।

पूछताछ के लिए हाजिर नहीं हुआ वजाहत खान-
पुलिस ने बताया कि 1 जून से फरार वजाहत खान को कई बार छापेमारी के बाद हिरासत में लिया गया, क्योंकि वह बार-बार पुलिस के समन का जवाब देने में विफल रहा। पूछताछ के लिए अपने गार्डन रीच आवास पर तीन बार बुलाए जाने के बावजूद वजाहत खान पुलिस की मौजूदगी से बचता रहा और उसे खोजने के कई प्रयासों के बाद आखिरकार गिरफ्तार कर लिया गया।

पनोली ने की थी सांप्रदायिक टिप्पणी-
पनोली को 30 मई को गुरुग्राम में गिरफ्तार किया गया था, जब उनका एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया था और ऑपरेशन सिंदूर पर चुप्पी के लिए मुस्लिम बॉलीवुड हस्तियों को निशाना बनाते हुए सांप्रदायिक टिप्पणी की थी।

पनोली ने मांगी सार्वजनिक माफी-
बाद में वीडियो हटा दिया गया और पनोली ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। हालांकि पुलिस ने पनोली को गिरफ्तार कर 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया, लेकिन अदालत ने उन्हें अंतरिम जमानत दे दी है।

वजाहत खान ने शर्मिष्ठा के खिलाफ दर्ज करवाई थी शिकायत-
वजाहत खान ने पनोली के खिलाफ नफरत फैलाने वाले भाषण का आरोप लगाते हुए शुरुआती शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद वह कथित तौर पर अपने पिता के साथ छिप गया था। 2 जून को श्री राम स्वाभिमान परिषद ने उसके खिलाफ एक औपचारिक शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें उस पर हिंदू देवी-देवताओं, धार्मिक प्रथाओं और बड़े पैमाने पर समुदाय के खिलाफ अपमानजनक, भड़काऊ और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया गया था।

शर्मिष्ठा को तीन महीने के लिए कॉलेज ने किया निलंबित-
आपको बता दें कि शर्मिष्ठा पनोली एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हैं और पुणे के सिम्बायोसिस लॉ स्कूल में कानून की छात्रा हैं। उनकी गिरफ्तारी के बाद संस्थान ने उन्हें तीन महीने के लिए निलंबित कर दिया था। अब पुलिस ने वजाहत खान को भी गिरफ्तार कर लिया है, जिनकी शिकायत पर शर्मिष्ठा को गिरफ्तार किया गया था।

Exit mobile version