ढाका: बांग्लादेश में हालात तेजी से बेकाबू हो रहे हैं। आरक्षण विरोधी प्रदर्शन के हिंसक रूप में तब्दील होने के बाद सोमवार को शेख हसीना को प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा। हसीना ने अपनी बहन के साथ देश छोड़ दिया है। उनके लंदन जाने की संभावना जताई जा रही है। बांग्लादेश की आर्मी ने सरकार की कमान संभाल ली है। आर्मी चीफ ने कहा कि बांग्लादेश में जल्दी ही अंतरिम सरकार का गठन होगा। इस बीच शेख हसीना के बेटे साजिब अहमद वाजेद जॉय का बयान सामने आया है। साजिब अहमद वाजेद ने कहा कि उनकी मां शेख हसीना शायद अब बांग्लादेश की राजनीति में नहीं लौटेंगी।
पूर्व प्रधानमंत्री के आधिकारिक सलाहकार के रूप में सोमवार तक काम करने वाले साजिब वाजेद जॉय ने एक इंटरव्यू में कहा कि हसीना कल रविवार से ही अपने पद से इस्तीफा देने पर विचार कर रही थीं। उन्होंने अपने परिवार के दबाव के बाद अपनी सुरक्षा के लिए देश छोड़ने का फैसला लिया। जॉय ने अपनी मां शेख हसीना के कार्यकाल के दौरान उनके शानदार रिकॉर्ड का जिक्र करते हुए कहा, “उन्होंने बांग्लादेश का कायाकल्प कर पूरी तरह बदल दिया है। जब उन्होंने देश की सत्ता संभाली तो इसे एक नाकाम राज्य माना जाता था। तब यह एक गरीब देश हुआ करता था। आज तक इसे एशिया के उभरते देशों में से एक माना जाता है। ”

