Site icon Dainik Savera Times

केंद्रीय मंत्री शिवराज चौहान ने पूर्व पीएम चौधरी चरण सिंह को किया याद

नई दिल्ली। किसान ट्रस्ट की ओर से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में चौधरी चरण सिंह पुरस्कार 2025 (द्वितीय संस्करण) का शनिवार को आयोजन किया गया। यह समारोह देश के पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की स्मृति को समर्पित रहा। कार्यक्रम में कृषि, सेवा, पत्रकारिता और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय ग्रामीण विकास और कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कौशल विकास एवं उद्यमिता तथा शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी विशिष्ट अतिथि रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता किसान ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. यशवीर सिंह ने की।

इस वर्ष के आयोजन में एक नई श्रेणी कृषि उद्यमी पुरस्कार को भी शामिल किया गया। इसके तहत कृषि क्षेत्र में नवाचार, उद्यमिता, व्यावसायिक सोच और टिकाऊ समाधान देने वाले एग्रीप्रेन्योर, किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) और संस्थानों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर चौधरी चरण सिंह के साक्षात्कारों पर आधारित एक एआई जनरेटेड वीडियो भी प्रदर्शति किया गया।

स्वागत भाषण में डॉ. यशवीर सिंह ने कहा कि भारत रत्न चौधरी चरण सिंह ने किसानों को सशक्त किया, दलितों और पिछड़े वर्गों को जमीन का मालिक बनाया और उन्हें सम्मान के साथ जीने का अधिकार दिलाया। उन्होंने कहा कि चौधरी साहब के जाने के बाद देश के किसानों को सबसे बड़ा नुकसान हुआ।

शिवराज सिंह चौहान ने अपने संबोधन में कहा, ‘अपने साथी जयंत चौधरी में मुझे वही सादगी दिखाई देती है, जो पूज्य चौधरी चरण सिंह की पहचान थी। आज चौधरी साहब के नाम से आयोजित इस समारोह में हम सब विनम्रता के साथ उनके चरणों में नमन करते हैं। गांव, गरीब और किसान के लिए चौधरी साहब आशा का प्रतीक थे और उन्होंने उनके उत्थान के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी थी।‘

ये भी पढ़ें: बिल न भर पाने पर बेटे का शव देने से अस्पताल ने किया इंकार, लोगों के सामने हाथ फलाने के लिए मजबूर हुआ पिता

Exit mobile version