Last Updated: October 10, 2026

Dainik Savera Times Logo

देवरिया में छह लोगों की हत्या, योगी सख्त, विपक्ष ने उठाए कानून-व्यवस्था पर सवाल

October 2, 2023

देवरिया में छह लोगों की हत्या, योगी सख्त, विपक्ष ने उठाए कानून-व्यवस्था पर सवाल

देवरिया: उत्तर प्रदेश के देवरिया स्थित रूद्रपुर क्षेत्र में छह लोगों की हत्या के मामले सियासत गरमा गई है। जहां एक तरफ मुख्यमंत्री योगी ने इसे लेकर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। वहीं विपक्ष ने इस मामले में सरकार की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। समाजवादी पार्टी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर लिखा कि सरकार व प्रशासन की विफलता के कारण देवरिया में जमीनी विवाद में 6 लोगों की हत्या, दु:खद।

योगी सरकार आमजन को न्याय दिलाने में अक्षम है, भ्रष्टाचारी पुलिस के उत्पीड़न से तंग आकर होती हैं ये घटनाएं। पैसे लेकर विवाद को उलझाकर शोषण करती है पुलिस, प्रदेश का आमजन पीड़ित, कानून व्यवस्था ध्वस्त। कांग्रेस ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर लिखा कि देवरिया के रुद्रपुर के जमीन विवाद में 6 लोगों की हत्या हुई है। प्रदेश की कानून-व्यवस्था इतनी बदहाल हो गयी है कि छोटे-मोटे विवाद में भी निर्भय होकर सरेआम 6 लोगों की हत्या हो जाती है। न कोई कानून का भय, न ही सम्मान।

योगी सरकार ने इस प्रदेश को ऐसे अपराधिस्तान में तब्दील किया है कि घर में बैठी महिलाएं तो क्या बच्चे, जवान और बुजुर्ग भी सुरक्षित नहीं हैं। दरअसल, देवरिया जिले के रूद्रपुर क्षेत्र में सोमवार को दो पक्षों के बीच कथित रूप से जमीन के मामले में विवाद हो गया। जिसमें एक ही परिवार के पांच सदस्यों समेत छह लोगों की हत्या कर दी गयी। पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा ने बताया कि रुद्रपुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव में सुबह करीब छह बजे जमीन के विवाद को लेकर सत्य प्रकाश दुबे, उसकी पत्नी किरण, बेटी सलोनी और नंदिनी तथा बेटे गांधी (15) की हत्या कर दी गयी।

उन्होंने बताया कि इससे पहले सुबह जिला पंचायत सदस्य प्रेमचंद यादव की सत्य प्रकाश दुबे के पक्ष के लोगों ने पीट-पीट कर हत्या कर दी थी। उसके बाद हुए संघर्ष में दुबे और उसके परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गई। उधर विशेष स्पेशल डीजी कानून व्यवस्था एवं अपराध प्रशांत कुमार ने कहा कि देवरिया के रुद्रपुर तहसील के फतेहपुर गांव के लेहड़ा टोले में आपसी रंजिश में हुए विवाद में एक पक्ष के एक व्यक्ति की मौके पर मृत्यु हुई तथा दूसरे पक्ष के छह लोगों को घायल अवस्था में मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां पांच लोगों की मृत्यु हुई।

प्रथम दृष्टया घटना आपसी रंजिश से संबंधित है। सुबह प्रेम यादव सत्यप्रकाश दुबे के घर पर आए थे, जिसमें कहासुनी हुई और सत्यप्रकाश दुबे और उनके परिजनों ने प्रेम यादव की धारदार हथियार से हत्या कर दी। कुछ देर बाद प्रेम यादव के टोले अभयपुर से लोगों ने सत्यप्रकाश दुबे के घर पर हमला कर घटना को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि इस सिलसिले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस घटना में सत्य प्रकाश दुबे का बेटा अनमोल जख्मी हो गया है और उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें