Six soldiers were martyred in Operation Sindoor: केंद्र सरकार ने पहली बार ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान देश के लिए शहीद हुए छह बहादुर सैनिकों के नाम आधिकारिक रूप से सार्वजनिक किए हैं। इन सभी जवानों के नाम नेशनल वॉर मेमोरियल की वेबसाइट पर मौजूद ‘रोल ऑफ ऑनर’ सूची में जोड़े गए हैं। यह सूची उन सैनिकों को समर्पित है, जिन्होंने देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी।
ऑपरेशन सिंदूर में शहीद होने वाले छह वीर जवानों के सूबेदार मेजर पवन कुमार, रायफलमैन सुनील कुमार, लांस नायक दिनेश कुमार, एवी मूद मुरलीनायक, हवलदार सुनील कुमार सिंह और सुरेंद्र कुमार का नाम शामिल है। नेशनल वॉर मेमोरियल की वेबसाइट पर मौजूद ‘रोल ऑफ ऑनर’ सेक्शन में अब कुल 26,626 शहीदों के नाम दर्ज हैं। इस सूची में वर्ष 1947-48 के भारत-पाक युद्ध से लेकर ऑपरेशन सिंदूर तक देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले सैनिकों के नाम शामिल हैं।
पहली बार मिली आधिकारिक पुष्टि
मई 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच चार दिनों तक चले सैन्य संघर्ष के दौरान कुछ भारतीय जवानों के शहीद होने की खबरें सामने आई थीं। हालांकि, उस समय सरकार ने किसी भी जवान की पहचान सार्वजनिक नहीं की थी। अब नेशनल वॉर मेमोरियल की वेबसाइट पर इन नामों के शामिल होने के बाद पहली बार आधिकारिक रूप से पुष्टि हुई है कि ऑपरेशन सिंदूर में छह सैनिकों ने देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया।
पहलगाम आतंकी हमले के बाद शुरू हुआ था ऑपरेशन
‘ऑपरेशन सिंदूर’ की शुरुआत 7 मई 2025 को की गई थी। यह कार्रवाई 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में की गई थी। इस हमले में 26 निर्दोष लोगों, जिनमें अधिकांश पर्यटक थे, की मौत हो गई थी। हमले के जवाब में भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में स्थित आतंकियों के 9 ठिकानों पर सटीक सैन्य कार्रवाई की थी। इस दौरान जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा जैसे आतंकी संगठनों के ठिकानों और उनके बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया।
भारत और पाकिस्तान के बीच यह सैन्य संघर्ष लगभग चार दिनों तक चला। इसके बाद पाकिस्तान की पहल पर दोनों देशों ने 10 मई 2025 को सैन्य कार्रवाई रोकने पर सहमति जताई थी। अब नेशनल वॉर मेमोरियल की ‘रोल ऑफ ऑनर’ सूची में इन छह वीर जवानों के नाम शामिल होने के साथ ही ऑपरेशन सिंदूर में उनकी शहादत को आधिकारिक सम्मान दिया गया है।

